रायपुर. राजधानी के वीआईपी रोड स्थित होटल वेलकम श्री (साधना मंडप) की संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है. संपत्ति की मालकिन सरिता वाजपेयी ने बरखा टंडन, उनके पति दीपक टंडन उर्फ अम्बेडकर टंडन और उनके साथियों पर होटल का ताला तोड़कर अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने, संपत्ति पर कब्जा करने और उन्हें अंदर जाने से रोकने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, सरिता वाजपेयी ने शिकायत में बताया कि वीआईपी रोड, अमलीडीह वार्ड क्रमांक 50 स्थित खसरा नंबर 289/175 पर बने साधना मंडप भवन को उन्होंने वर्ष 2021 में बरखा टंडन को होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए तीन साल की लीज पर दिया था. इसका संचालन होटल वेलकम श्री के नाम से किया जा रहा था. लीज की मूल अवधि वर्ष 2024 में समाप्त होने के बाद आपसी सहमति से इसे 11-11 महीने के लिए दो बार बढ़ाया गया. इसकी अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बरखा टंडन की ओर से करीब एक साल से किराया नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था. वहीं, नगर निगम का संपत्ति कर बकाया होने के कारण 18 अगस्त 2026 को निगम ने होटल को सील कर दिया था. इसके बाद 23 अगस्त को जब वह संपत्ति पर कब्जा लेने पहुंचीं तो बरखा टंडन, उनके पति और कर्मचारी निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद मिले. इसकी शिकायत के बाद नगर निगम ने दोबारा संपत्ति सील कर दी थी.
सरिता वाजपेयी के अनुसार, 30 सितंबर को बरखा टंडन और दीपक टंडन ने संपत्ति की चाबी सौंपने की बात कही थी. इसके बाद उन्होंने संपत्ति का कब्जा लिया और पिछले तीन वर्षों का बकाया संपत्ति कर जमा किया. 26 अक्टूबर को नगर निगम जोन क्रमांक 10 के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में सील खोलकर संपत्ति उन्हें सौंप दी. इसकी पंचनामा कार्रवाई भी की गई थी. इसके बाद उन्होंने होटल के सभी दरवाजों पर ताला लगा दिया था.
क्या कहा ACP रमाकांत साहू ने
होटल वेलकम श्री को लेकर विवाद, सरिता वाजपेयी की शिकायत पर एफआईआर #HotelWelcomeShree #SaritaVajpayee #FIR #madhyapradesh #vistaarnews https://t.co/4585xGWPam
— Vistaar News (@VistaarNews) November 10, 2026
अगले दिन पहुंचीं तो टूटे मिले ताले
शिकायत के मुताबिक, 26 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे तक वह अपने स्टाफ और साथियों के साथ होटल में मौजूद थीं. अगले दिन 27 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने साथी योगेश्वर शुक्ला के साथ होटल पहुंचीं तो मुख्य गेट और अंदर के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले. आरोप है कि बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके साथी अंदर मौजूद थे. वहां रॉड और डंडे भी रखे हुए थे.
जब सरिता वाजपेयी अपने साथी के साथ अंदर जाने लगीं तो आरोपियों ने उन्हें बलपूर्वक रोक दिया. शिकायत में अश्लील गाली-गलौज करने और संपत्ति खाली नहीं करने की बात कहने का भी आरोप लगाया गया है. साथ ही दीपक टंडन द्वारा समाज के 50 से 100 लोगों को बुलाकर हंगामा करने और अनुसूचित जाति के मामले में फंसाने की धमकी देने की बात कही गई है. रॉड और डंडे दिखाकर जान से मारने की धमकी मिलने के कारण वह संपत्ति में प्रवेश नहीं कर सकीं.
सरिता वाजपेयी ने पुलिस को संपत्ति कर जमा करने की रसीद, नगर निगम द्वारा सील खोले जाने का पंचनामा, संपत्ति का इकरारनामा, रजिस्ट्री के दस्तावेज और पेन ड्राइव भी उपलब्ध कराई है. तेलीबांधा पुलिस ने 9 नवंबर 2026 को रात 9:12 बजे एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की है.
इन धाराओं के तहत दर्ज हुई एफआईआर
भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2).
