Vistaar NEWS

Rahul Gandhi का Challenge Accept: नक्सलवाद पर विजय शर्मा ने राहुल गांधी को दी खुली बहस की चुनौती

deputy-cm-vijay-sharma-challenges-rahul-gandhi-open-debate-naxalism-chhattisgarh-bjp-congress

रायपुर. छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे के दौरान नक्सलवाद और उसके कथित वैचारिक समर्थकों को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पलटवार किया है. वहीं, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राहुल गांधी को नक्सलवाद के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है. (Vijay Sharma Challenges Rahul Gandhi Naxalism)

विजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि वे नक्सलवाद के मुद्दे पर खुली बहस के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि बहस में तथ्यों के साथ बताया जाएगा कि कांग्रेस के शासनकाल में किस तरह नक्सलवाद को पनपने और संरक्षण देने का काम किया गया. उन्होंने राहुल गांधी को किसी भी समय और किसी भी स्थान पर बहस की चुनौती दी.

दूसरी ओर, राहुल गांधी ने सीआरपीएफ के जवानों से जुड़ी तस्वीरों और प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जवानों के चेहरों ने सब कुछ बता दिया. उन्हें प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं है. राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें नक्सली कहा है. उन्होंने भी प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि बहस होनी चाहिए कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है. राहुल ने दावा किया कि बहस के बाद प्रधानमंत्री जवानों के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे.

पीएम मोदी ने बताई थी नक्सलवाद की चुनौती

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों से बातचीत के दौरान नक्सलवाद के खिलाफ देश की लड़ाई, जवानों के बलिदान और प्रभावित क्षेत्रों में हुए बदलावों का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन अब दिमागी नक्सलियों की चुनौती सामने है. ऐसे लोगों ने राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में घुसपैठ की है और संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को उकसाने का काम कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने ऐसे तत्वों की पहचान कर देश को सुरक्षित करने की जरूरत बताई थी.

दंतेवाड़ा की हिंसा का किया था जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नक्सलवाद के पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा था कि एक समय देश के करीब 20 राज्यों के 230 से अधिक जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे. हजारों गांवों में रहने वाले करोड़ों लोगों का जीवन इससे प्रभावित था. उन्होंने वर्ष 2010 में दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले का उल्लेख करते हुए सीआरपीएफ के 76 जवानों की शहादत और 44 निर्दोष नागरिकों की हत्या का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि अकेले छत्तीसगढ़ में एक हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान गंवाई.

2014 के बाद बदले हालात का किया दावा

पीएम मोदी ने कहा था कि 2004 से 2013 के बीच हर साल नक्सलियों के हाथों शहीद होने वाले जवानों की संख्या मारे गए नक्सलियों से अधिक थी. उन्होंने तत्कालीन सरकारों पर नक्सलवाद के खिलाफ पर्याप्त इच्छाशक्ति नहीं दिखाने का आरोप लगाया. प्रधानमंत्री के मुताबिक, 2014 में सत्ता में आने के बाद नक्सलवाद के खिलाफ मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और सुनियोजित रणनीति के साथ अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप हालात में बदलाव आया. उन्होंने दावा किया कि पिछले एक साल में पहली बार ऐसा हुआ कि ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ. इसी बयान को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है.

Exit mobile version