Vistaar NEWS

‘पीएम मोदी के दिवंगत पिता के बारे…’, मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर सीएम साय का पलटवार

Mallikarjun Kharge, CM Vishnu Deo Sai

सीएम साय और मल्लिकार्जुन खड़गे

बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम मोदी और उनके पिता को लेकर की गई टिप्पणी ने देश की राजनीति का पारा चढ़ा दिया है. उनके द्वारा दिए गए बयान की चर्चा चारो तरफ चर्चाएं हो रही है और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी ने उनके बयान को अमर्यादित और असभ्य बताया गया है. छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने उनके बयान पर पलटवार किया है.

अमर्यादित टिप्पणी घोर निंदनीय और शर्मनाक- सीएम साय

सीएम साय ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘राजनीतिक हताशा में कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाएं भी लांघने लगी है. आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिताजी पर घृणित और अमर्यादित टिप्पणी घोर निंदनीय और शर्मनाक है. प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है.’

जनता ओछी राजनीति को पहचान चुकी है-सीएम साय

उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस जिस स्तर तक उतर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है. जनता इस संस्कारहीन ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है. जब-जब कांग्रेस ने ऐसी घृणित भाषा अपनाई, जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया. इस बार भी वही होगा. जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी, न स्वीकार करेगी और समय आने पर अपने लोकतांत्रिक अधिकार से इसका करारा जवाब देगी.’

सीएम साय लिखते है कि राजनीतिक विरोध की आड़ में ऐसी अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस की गिरी हुई सोच और संस्कारहीन राजनीति का खुला प्रमाण है. खड़गे जी को देश से सार्वजनिक रूप से माफी माँगनी चाहिए.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रविवार को बिहार की राजधानी पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे संबोधित कर रहे थे. इस दौरान वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेर रहे थे. इसी बीच सभा में मौजूद एक व्यक्ति की टिप्पणी के जवाब में खड़गे ने भी पीएम को लेकर बड़ा बयान दे दिया. उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में हंगामा होने की खबर सामने आई.

यह भी पढ़ें- विंध्य-बुंदेलखंड के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी, सतना–देवेंद्रनगर और रीवा–चुरहट रेलखंड की हुई शुरुआत

Exit mobile version