Vistaar NEWS

Monika Yadav Raipur: रायपुर की महिला हो गई थी नेपाल की बाढ़ में लापता, अब सामने आया बड़ा Update…

नेपाल में बाढ़ ने मचाई तबाही

नेपाल में बाढ़ ने मचाई तबाही

Monika Yadav Raipur: रायपुर. डीडी नगर क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है. करीब एक महीने पहले पति का घर छोड़कर दूसरे युवक के साथ नेपाल गई 24 वर्षीय महिला की तलाश में उसके पति ने नेपाल त्रासदी के बाद जारी टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद नेपाल में महिला की तलाश शुरू हुई और अगले ही दिन वह जनकपुर में सुरक्षित मिल गई. डीडी नगर पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बातचीत कर उसकी सकुशल होने की पुष्टि की.

जानकारी के अनुसार डीडी नगर क्षेत्र में रहने वाले 25 वर्षीय युवक की दोस्ती धमतरी क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती से Instagram के जरिए हुई थी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई और दिसंबर 2025 में दोनों ने अंतरजातीय विवाह कर लिया. कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में महिला अचानक घर छोड़कर चली गई और उसका मोबाइल भी बंद हो गया.

पति ने 25 जुलाई 2026 को डीडी नगर थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. इसी बीच पति को पता चला कि उसकी पत्नी नेपाल में है, हालांकि उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था.

पति ने टोल फ्री नंबर में कराई थी शिकायत

नेपाल में बुधवार को आई भीषण तबाही के बाद लापता लोगों की जानकारी जुटाने के लिए टोल फ्री नंबर जारी किए गए थे. पति ने टोल फ्री नंबर 1070 और रायपुर कंट्रोल रूम के नंबर 0771-2223471 पर संपर्क कर अपनी पत्नी के नेपाल में लापता होने की सूचना दी. इसके बाद शासन स्तर से नेपाल सरकार से संपर्क किया गया और महिला की तलाश शुरू की गई.

तलाश के दौरान महिला नेपाल के जनकपुर में सुरक्षित मिली. गुरुवार रात डीडी नगर पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बात कर उसकी सकुशल होने की पुष्टि की. इसी दौरान यह भी सामने आया कि महिला नेपाल में किसी दूसरे युवक के साथ रह रही थी. एक मीडिया रिपोर्ट में एसीपी पुरानीबस्ती देवांश राठौर के हवाले से बताया गया है कि महिला के गुमशुदगी का मामला डीडी नगर थाने में दर्ज था. टोल फ्री नंबर पर मिली सूचना के बाद महिला की तलाश की गई और वह नेपाल में सुरक्षित मिली है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Non-veg Ban: CG के इस जिले में त्योहारों पर नहीं मिलेगा मांस-मटन, निगम ने लगाया नॉन-वेज पर बैन, आदेश जारी

Exit mobile version