Vistaar NEWS

CG Weather: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई, सामान्य से 2% ज्यादा बारिश, बलरामपुर में सबसे अधिक वर्षा

weather forecast today

मौसम समाचार

CG Weather: छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरी तरह विदाई हो गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों से मानसून लौट चुका है. इसके साथ ही बारिश का दौर थम गया है और अब मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगेगा. मानसून की वापसी सामान्य अवधि के आसपास हुई है. आमतौर पर प्रदेश से मानसून की पूरी तरह विदाई 15 अक्टूबर के आसपास मानी जाती है.

इस सीजन में 1195 मिमी बारिश दर्ज

इस साल छत्तीसगढ़ में मानसून के दौरान कुल 1195 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य बारिश का 102.1 प्रतिशत है. प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर जिले में दर्ज की गई, जहां 1556.6 मिलीमीटर वर्षा हुई. यह सामान्य से 65.3 प्रतिशत अधिक है. वहीं, बेमेतरा में सबसे कम 674.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य का 80.4 प्रतिशत है.

रायपुर समेत कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश

राजधानी रायपुर में इस मानसून सीजन में 1322.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 29 प्रतिशत ज्यादा है. इसके अलावा गरियाबंद में सामान्य से 30.7 प्रतिशत, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 31.4 प्रतिशत और बालोद में 21.6 प्रतिशत अधिक बारिश हुई. सूरजपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी और दुर्ग सहित कई जिलों में भी सामान्य से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई.

मानसून की विदाई के बाद घटेगी उमस

मानसून लौटने के बाद प्रदेश में वातावरण की नमी धीरे-धीरे कम होने लगेगी. इससे लोगों को उमस से राहत मिलने की संभावना है. आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. दिन के समय गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन सुबह और शाम के मौसम में बदलाव महसूस होने लगेगा.

सुबह और रात के तापमान में गिरावट के संकेत

उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. इससे देर रात और सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होगा. अगले कुछ दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना होने लगेगा और धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ सकता है.

ये भी पढे़ं- CG Weather: धूप-छांव के बीच गरजेंगे बादल, इन शहरों में बारिश का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम

Exit mobile version