Vistaar NEWS

मुंबई की Biker Girl की छत्तीसगढ़ में मौत, Instagram में डाली थी स्टोरी… Let’s Explore Bastar

इनपुटः अभिषेक मिश्रा.

धमतरी. बाइक राइडिंग के शौक ने 24 वर्षीय राइडर रिद्धि ठक्कर (Riddhi Thakkar) की जान ले ली. धमतरी के जगतारा घाटी में हुए एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई. रिद्धि ठक्कर ने महज 15 घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम में स्टोरी शेयर करते हुए लिखा था Let’s Explore Bastar.

जानकारी के मुताबिक हादसा जगतरा घाटी के पास हुआ, जहां वह कथित तौर पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गईं. दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य बाइक राइडर्स ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के मुताबिक करीब 23 युवतियों का एक समूह बाइक राइडिंग के लिए निकला था. समूह में करीब 20 बाइक और एक कार शामिल थी. बताया जा रहा है कि सभी रायपुर से बस्तर क्षेत्र की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जगतरा घाटी के पास रिद्धि ठक्कर (Riddhi Thakkar) हादसे का शिकार हो गईं. टक्कर इतनी गंभीर थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं.

कांदिवली वेस्ट की रहने वाली थी रिद्धि

घटना की सूचना मिलने के बाद धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि मुंबई के कांदिवली वेस्ट निवासी रिद्धि ठक्कर का एक्सीडेंट हुआ है और मदद की जरूरत है. महापौर के मुताबिक घायल युवती को अस्पताल लाया गया था और उस समय वह जीवित थीं, लेकिन इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई.

महापौर ने बताया कि हादसा बेहद गंभीर था और युवती किसी ट्रेलर के पहिए की चपेट में आई थीं. उन्होंने कहा कि मृतका दूसरे राज्य की रहने वाली थीं, इसलिए उनके परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने परिजनों को भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है.

मृतका के शव को जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस ने हादसे की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस अब उस वाहन की पहचान करने में जुटी है, जिसकी चपेट में आने से युवती की मौत हुई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर सकती है.

जगतरा घाटी जैसे घुमावदार और पहाड़ी मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हादसे की परिस्थितियों की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी.

ये खबर भी जरुर पढ़ेंः Chhattisgarh News: 12 हजार रुपए की रिश्वत पड़ी महंगी, कोर्ट ने सुनाई 3 साल की सजा, विभाग ने किया बर्खास्त

Exit mobile version