आज छत्तीसगढ़ में तूफान ‘मुरासु’ दिखाएगा अपना असर, 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ का मौसम
Murasu Cyclone Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में तूफान अर्नब के बाद अब तूफान ‘मुरासु’ की एंट्री होने वाली है. कहा जा रहा है , तूफान मुरासु से राज्य में भीषण बारिश और तेज हवाएं चलेंगी. बता दें, बंगाल की खाड़ी में बन रहा डीप डिप्रेशन अब खतरनाक रूप ले चुका है. मौसम विभाग ने बताया है कि यह सिस्टम चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ में बदल गया है और तेजी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है. विभाग के मुताबिक,तूफान मुरासु जल्द आंद्र प्रदेश के तट को पार करेगा.
9 जिलों में यलो अलर्ट
आज कांकेर-धमतरी समेत प्रदेश के 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग यानी कि, IMD ने 2 से 4 नवंबर तक अलग-अलग जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, 3 और 4 तारीख को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है.
कई राज्यों में दिखेगा असर
तूफान मुरासु जल्द आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगा. इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों में 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. तूफान के टकराने से पहले ही इसका असर कई राज्यों में दिखना शुरू हो जाएगा. तूफान के असर से 2 और 3 नवंबर को कोस्टल आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
किसानों की बढ़ी चिंता
छत्तीसगढ़ के किसान तूफान अर्नब द्वारा मचाई गई तबाही से अभी उभरे नहीं थे कि, मुरासु राज्य में एंट्री लेने जा रहा है. अब दोबारा बारिश से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल को नुकसान होने की आशंका है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. हाल ही में सरकार ने किसानों के लिए मुआवजा देने की भी घोषणा की है.
यह भी पढ़ें:-दुर्ग: चूल्हा-चौका छोड़ हाथों में थामा बैट-बॉल, धुरंधर कप में महिलाओं ने जमकर लगाए चौके-छक्के