Vistaar NEWS

CG के स्कूलों में मंत्रजाप पर सियासत, कांग्रेस बोली- RSS की शाखा बनाने की कोशिश; CM बोले- देशभक्त बनेंगे

Representative image.

सांकेतिक तस्वीर.

CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में बच्चों से मंत्रजाप करवाने को लेकर सियासत शुरू हो गई है. 16 जून से शासकीय स्कूल खोले गए हैं, जहां स्कूल शुरू होने से लेकर छुट्टी के समय पर बच्चों से मंत्रजाप करवाया जा रहा है. इसको लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस का आरोप है कि मंत्रजाप के जरिए वैचारिक एजेंडा थोपने की कोशिश है. सरकार स्कूलों को आरएसएस की शाखा बनाना चाहती है. वहीं पूरे मामले पर मुख्यमंत्री साय का कहना है कि मंत्रोच्चार से अनुशासन और सच्चे देशभक्त बनेंगे.

भोजन मंत्र को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा

सरकारी स्कूलों में सुबह प्रार्थना के समय बच्चों से वैदिक मंत्रोच्चार करवाया जा रहा है. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा भोजन मंत्र को लेकर है. मिड डे मील से पहले बच्चों से मंत्रोच्चार करवाया जाता है. इसे अनिवार्य कर दिया गया. छत्तीसगढ़ की राजनीति में दोपहर के खाने से पहले होने वाले मंत्र की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. कांग्रेस का कहना है कि केवल हिंदुओं के मंत्र ही स्कूलों में क्यों पढ़वाए जा रहे हैं. इस्लाम समेत अन्य धर्मों के कर्मकांड भी होने चाहिए.

कांग्रेस मीडिया प्रभारी आनंद शुक्ला ने कहा कि किसी संस्कार से कोई समस्या नहीं है. लेकिन धर्मनिरपेक्ष समाज में किसी एक धर्म को ही क्यों? कुरान, बाइबिल, गुरु ग्रंथ साहिब की अच्छी शिक्षाओं को भी शामिल करना चाहिए. सरकार जानबूझकर स्कूलों को आरएसएस की शाखा बनाने की कोशिश कर रही है.

CM बोले- बच्चे सच्चे देशभक्त बनेंगे

वहीं कांग्रेस की आपत्ति पर बीजेपी ने पलटवार किया है. स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस को सनातन विरोधी बताया है. गजेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस का यही चाल-चरित्र है. कांग्रेस ने हमेशा ही सनातन मूल्यों का विरोध किया है.

वहीं मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस के आरोपों पर कहा है कि इससे बच्चों की एकाग्रता बढ़ेगी. मंत्र जाप से बच्चों में आध्यात्मिक शक्ति का संचार होता है और उन्हें देशभक्त बनने में मदद मिलती है. साथ ही मूल्यों के साथ ही अनुशासन मजबूत होता है.

ये भी पढे़ं: Durg: नीट परीक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू

Exit mobile version