Vistaar NEWS

CG News: कांग्रेस प्रशिक्षण शिव‍िर में राहुल गांधी ने जिलाध्‍यक्षों को बताया भविष्‍य का नेता, गुटबाजी और बयानबाजी पर जताई नाराजगी

Congress Training Camp

कांग्रेस प्रशिक्षण शिव‍िर

CG News: छत्तीसगढ़ के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी का चार घंटे का दौरा कई राजनीतिक संकेत छोड़ गया. पार्टी नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकों में उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस अब केवल स्थापित चेहरों पर निर्भर रहने के बजाय नई पीढ़ी के नेतृत्व को तैयार करने पर जोर देगी.

जिलाध्यक्षों पर रहा सबसे ज्यादा फोकस

दौरे के दौरान राहुल गांधी ने सबसे अधिक समय जिलाध्यक्षों के साथ बिताया. करीब ढाई घंटे चली चर्चा में उन्होंने संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि पार्टी में आगे बढ़ने का रास्ता मेहनत और प्रदर्शन से होकर जाता है. उन्होंने कुछ जिलाध्यक्षों का उदाहरण देते हुए कहा कि समर्पण के साथ काम करने वाले कार्यकर्ताओं को कांग्रेस बड़ी जिम्मेदारियां देने में संकोच नहीं करेगी. राहुल ने यह भी कहा कि भविष्य में प्रदेश का बड़ा नेतृत्व इन्हीं जिलों से निकल सकता है.

जमीनी काम से तय होगा राजनीतिक भविष्य

उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि राजनीतिक पहचान और जिम्मेदारियां दिल्ली में संपर्क बढ़ाने से नहीं, बल्कि जनता के बीच किए गए काम से तय होंगी. राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों से लगातार जनसंपर्क बनाए रखने और स्थानीय मुद्दों पर सक्रिय रहने की अपील की. उनके इस बयान को संगठन में नई नेतृत्व पीढ़ी को आगे लाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.

गुटबाजी और बयानबाजी पर जताई चिंता

बैठकों के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और सार्वजनिक बयानबाजी पर भी चिंता जताई. उन्होंने नेताओं को सलाह दी कि मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे पर टिप्पणी करने से पार्टी कमजोर होती है और इसका राजनीतिक लाभ विरोधी दलों को मिलता है. उन्होंने संगठन में बेहतर समन्वय और एकजुटता पर जोर दिया.

अभनपुर पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने पहले वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की, जिसमें प्रदेश के प्रमुख कांग्रेस नेता मौजूद रहे. इसके बाद उन्होंने पूर्व विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन की मजबूती पर विचार-विमर्श किया.

अनुशासन और कार्यकर्ता मजबूती पर जोर

कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी का ध्यान इस बार केवल चुनावी रणनीति तक सीमित नहीं था. उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं के मनोबल और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को प्राथमिकता दी. प्रशिक्षण शिविर में जिलाध्यक्षों को गांवों में रात्रि प्रवास, ग्रामीण समस्याओं की समझ, मनरेगा की निगरानी और सामाजिक मुद्दों पर काम करने जैसे दायित्व सौंपे गए हैं. इसके अलावा नेतृत्व विकास, योग और अन्य प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से उन्हें भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है.

जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर फोकस

शिविर में आदिवासी क्षेत्रों से जुड़े जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर भी विशेष चर्चा हुई. पार्टी इन विषयों को लेकर व्यापक जनआंदोलन की तैयारी में जुटी है. जिलाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख मुद्दों की पहचान कर उन्हें संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं.

2028 चुनाव की तैयारी का संकेत

राहुल गांधी के इस दौरे को कांग्रेस की 2028 विधानसभा चुनाव की शुरुआती रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. उनके संदेश से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि पार्टी में जिम्मेदारियां अब केवल वरिष्ठता के आधार पर नहीं, बल्कि जमीनी सक्रियता, संगठनात्मक योगदान और प्रदर्शन के आधार पर तय की जाएंगी. साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस नए नेतृत्व को तैयार करने और संगठन को अधिक अनुशासित बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

ये भी पढे़ं- CG Cabinet Decision: साय कैबिनेट ने किया वीबी-जी राम जी योजना का अनुमोदन, कई अहम प्रस्‍तावों को भी दी मंजूरी

Exit mobile version