Vistaar NEWS

Independence Day 2026: ‘माओवाद से मुक्त होकर बस्तर के हर कोने में आजादी का उत्सव मना रहे लोग…’, बोले सीएम साय

80th Independence Day Live

CM विष्णु देव साय

80th Independence Day Live: आज देशभर में 80वां स्‍वतंत्रत दिवस मनाया जा रहा है. वहीं छत्तीसगढ़ में भी स्‍वतंत्रता दिवस के राज्य स्‍तरीय कार्यक्रम सुबह से शुरू हो गए हैं. इस मौके पर सीएम विष्णु देव साय ने रायपुर के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया. इसके बाद में परेड की सलामी ली.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: सीएम का ऐलान- अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 10% आरक्षण, 500 करोड़ का AI मिशन मंजूर

एआई मिशन से भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार होगा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपए के ‘छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन’ को मंजूरी दी है. इसके अंतर्गत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी. छह लाख विद्यार्थियों तथा डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा.

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का पूरा अवसर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी वैश्विक मंच पर तिरंगा लहराएं, इसके लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ प्रारंभ किया जा रहा है. ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी के पद पर पदोन्नत करने तथा 30 लाख रुपए की सम्मान राशि देने का निर्णय लिया गया है। राज्य के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा के द्वार खोले गए हैं.

निवेश और रोजगार का नया केंद्र बन रहा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के माध्यम से कोर सेक्टर के साथ नए और उभरते क्षेत्रों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है. देश-दुनिया में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है.

नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई स्विफ्ट टेक्सटाइल से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है. मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट स्थापित किया जाएगा. प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए जा रहे हैं. राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0, नवा रायपुर में फर्नीचर क्लस्टर तथा जांजगीर-चांपा एवं राजनांदगांव में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जाएंगे.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: सीएम साय ने प्रदेशवासियों को किया संबोधित

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व मां भारती की वंदना और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन करने का दिन है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन देश की एकता और अखंडता की गौरवशाली यात्रा से प्रेरणा लेने का अवसर है. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करने का संकल्प लेने का भी दिन है.

उन्होंने कहा कि भारत का महान स्वतंत्रता संग्राम महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर, वीर सावरकर सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की अमर गाथा है. इन महान विभूतियों के योगदान से देश को स्वतंत्रता मिली और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखी गई. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि माओवाद से मुक्त होकर अब बस्तर के हर कोने में लोग तिरंगा यात्रा के जरिए स्वतंत्रता का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने इसे बदलते और विकसित होते बस्तर की तस्वीर बताते हुए प्रदेशवासियों से देश की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: स्वतंत्रता दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने किया ध्वजारोहण

रायपुर के परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद परेड में 17 प्लाटून ने हिस्सा लिया. समारोह के दौरान घुड़सवार दल, डॉग स्क्वॉड और बैंड प्लाटून ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी. मुख्य समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदक-अलंकरणों से सम्मानित किया गया. इस दौरान 1 राष्ट्रपति पदक, 10 पुलिस पदक और 2 सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर में फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर में तिरंगा फहराया. इस मौके पर पुलिस परेड ग्राउंड में की परेड की सलामी ली. वहीं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: विधानसभा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम, सचिव दिनेश शर्मा ने किया ध्वजारोहण

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा ने विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष के संदेश का वाचन भी किया.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: बीजापुर के गोरना स्कूल में शान से लहराया तिरंगा, बदली इलाके की तस्वीर

बीजापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीजापुर के गोरना स्थित स्कूल में तिरंगा शान से फहराया गया. कभी नक्सल प्रभाव के चलते यहां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर काला झंडा फहराए जाने की बात सामने आती थी, लेकिन अब इलाके की तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आ रही है. गोरना में आज आसमान में तिरंगा अपनी पूरी शान के साथ लहराता दिखाई दिया. ग्रामीणों के लिए यह पल बेहद खास और भावुक करने वाला रहा. स्थानीय लोगों ने तिरंगे के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बदलते हालात के बीच अब स्कूल और गांव में राष्ट्रध्वज सम्मान के साथ फहराया जा रहा है। गोरना में तिरंगे का लहराना क्षेत्र में बदलाव और नए माहौल की तस्वीर पेश कर रहा है.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: बीजेपी कार्यालय में संगठन महामंत्री पवन साय ने किया ध्वजारोहण

बीजेपी कार्यालय में संगठन महामंत्री पवन साय ने ध्वजारोहण किया. संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भारत माता की जय. स्वतंत्रता दिवस की सभी को शुभकामनाएँ है. आज ही के दिन भारत स्वतंत्र हुआ था. पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओ को जन जन को 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस की बधाई देता हूँ. हमारे पूर्वज इस देश को बाग डोर हमे सौंप कर गए है. ये दिन याद करने का दिन है. जब बात देश की आती है तो सब कुछ बलिदान देने की, सब कुछ न्यौछावर करने की सीख हमे हमारा देश देता है. ये देश संकल्प ले रहा है, इस देश को जिन सपनों के साथ, जिन संकल्पों के साथ आजादी दिलाई थी, ये देश उसी दिशा में आगे बढ़ता हुआ नजर आएगा. ये स्वप्न पूरी जनता देखेगी, पूरा समाज देखेगा. आजादी का 100 वाँ पर्व जब हम मनाएँगे उस वक़्त विकसित भारत का सपना पूरा होगा। ये भारत किसी के सामने झुकेगा नहीं, ये भारत कभी टूटेगा नहीं, ये भारत वॉक्स की गति से चलता रहेगा.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा ध्वजारोहण

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कुछ ही देर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण करेंगे. इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा कार्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: रायपुर में होने वाले मुख्य समारोह में 17 प्लाटून परेड में शामिल होंगे. इसके साथ ही घुड़सवार दल, डॉग स्क्वॉड और बैंड प्लाटून की आकर्षक प्रस्तुतियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहेंगी. समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों को पदक और अलंकरणों से सम्मानित भी किया जाएगा. वहीं, 843 स्कूली छात्र-छात्राएं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक पेश करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य आयोजन को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

श्वेक्षा पाठक

80th Independence Day Live: देशभर में आज 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्साह देखने को मिल रहा है. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे.

Exit mobile version