रायपुर. आर्ट ऑफ लीविंग से जुड़ी सरिता वाजपेयी ने धमकी मिलने की शिकायत तेलीबांधा थाने में की है, हालांकि इस मामले में अभी एफआईआर नहीं हुई है. लेकिन शिकायतकर्ता सरिता वाजपेयी ने अपने साथ हुई घटना का विस्तृत विवरण शिकायत में की है, इस पूरे मामले में थाने में की गई शिकायत की कॉपी विस्तार न्यूज के पास मौजूद है.
राजधानी में निजी संपत्ति को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. संपत्ति की सील खुलवाने की प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से दीपक टंडन और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों पर अनधिकृत रूप से परिसर में मौजूद रहने, नजदीक आकर धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है. इस संबंध में सरिता बजाज ने तेलीबांधा थाने में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है. बता दें कि ये वहीं दीपक टंडन है जिसे बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उक्त आरोपी डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ भी करोड़ों के गिफ्ट्स लेने की शिकायत कर चुका है.
शिकायत के अनुसार, होटल वेलकम श्री में नगर निगम ने सील लगाई थी. आवेदिका का दावा है कि 30 सितंबर 2026 से संपत्ति उनके कब्जे में है. 26 अक्टूबर को नगर निगम में संपत्ति कर जमा करने के बाद वह सील खुलवाने की प्रक्रिया के लिए पहुंची थीं. इस दौरान उनकी मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया था.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सील खुलवाने की प्रक्रिया के दौरान संपत्ति के भीतर दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनसे संबंधित कुछ अन्य व्यक्ति मौजूद थे. आवेदिका ने उनकी मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए इसे अपनी निजी संपत्ति में अनधिकृत हस्तक्षेप बताया है.
शिकायत में आगे कहा गया है कि दीपक टंडन उनके अत्यधिक नजदीक आ गए और दूरी बनाए रखने की बात कहने पर कथित रूप से जोर-जोर से चिल्लाने लगे. आरोप है कि उन्होंने एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी.
वीडियो रिकॉर्डिंग और पंचनामा होने का दावा
आवेदिका ने अपने आवेदन में घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने का दावा किया है. इसके अलावा मौके पर मौजूद नगर निगम के राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू, एएसआई बारिक और अन्य पुलिसकर्मियों को प्रत्यक्षदर्शी बताया है. संपत्ति कर जमा करने की रसीद, सील खोलने और पंचनामा से संबंधित दस्तावेज भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने की बात कही गई है.
पुलिस से की जांच और सुरक्षा की मांग
सरिता बजाज ने पुलिस से दीपक टंडन, बरखा टंडन और मौके पर मौजूद अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर उचित कानूनी धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
