Vistaar NEWS

रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से भिड़ी बस, 3 की मौत, 10 घायल

raipur

रायपुर

Raipur Bilaspur Highway Accident: राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया है. सिमगा के दरचुरा के पास खड़े ट्रक से एक तेज रफ्तार यात्री बस टकरा गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आज सुबह का बताया जा रहा है. यात्री बस अंबिकापुर से रायपुर की ओर आ रही थी. बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे. जैसे ही बस सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा गांव के पास पहुंची, हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि ट्रक हाईवे पर बिना किसी संकेत के खड़ा था, जिसके कारण बस चालक उसे देख नहीं पाया और बस सीधे ट्रक में जा घुसी.

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस में ही फंस गए. सूचना पर सिमगा पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया.

सभी घायलों को तुरंत सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है.

Exit mobile version