श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर पूरे प्रदेश में ड्राई डे का ऐलान किया गया था. लेकिन इसके बावजूद भी राजधानी रायपुर से शराब बिक्री का एक मामला सामने आया है. 4 सितंबर जन्माष्टमी के दिन मौदहापारा पुलिस को सूचना मिली थी कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही थी.
बार की गतिविधियों पर नजर
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बार की गतिविधियों पर नजर रखी. रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर शराब बिक्री करते हुए बार संचालक और कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को पकड़ लिया. पुलिस पलाश की तलाशी ली जिसमें 1150 रुपए कीमत की शराब की बोतल और बिक्री से मिले 2300 रुपए कैश बरामद किया है.
750 एमएल की एक बोतल
तलाशी में पुलिस को 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिंटी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोलत मिली. इसकी कीमत 1150 रुपये बताई है. इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 2300 रुपये कैश भी बरामद किए गए. शराब और कैश की कुल कीमत 3450 रुपये हैं.
विधानसभा युवक कांग्रेस का अध्यक्ष
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पलाश मल्होत्रा उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रह चुका है. वर्तमाल में वह प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस के पद का प्रत्याशी बताया गया है. ड्राई डे के दिन शराब बिक्री के आरोप में हुई कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी के बाद ये मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
पुलिस इस मामले में आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजेगी. इसमें प्लैटिनम बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. लाइसेंस पर अंतिम निर्णय आबकारी विभाग के स्तर पर होगा.
ये भी पढ़ें:जेल में बंद कैदियों को सजा में मिलेगी एक महीने की छूट, जन्माष्टमी पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान
