Vistaar NEWS

कुशालपुर में एमडीएमए बेचने ग्राहक तलाश रहा युवक गिरफ्तार, 1.27 लाख का माल जब्त

Raipur Kushalpur MDMA Arrest Police

रायपुर. शहर में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुरानी बस्ती पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एमडीएमए पाउडर बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 2.65 ग्राम एमडीएमए पाउडर, बिक्री की रकम और आईफोन मोबाइल सहित कुल 1 लाख 27 हजार 200 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है.

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास एक युवक मादक पदार्थ लेकर ग्राहक तलाश रहा है. सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया.

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक मोदी (26) पिता विशाल मोदी निवासी ए-1 मोदी विला, समृद्धि सागर के पीछे अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से 2.65 ग्राम एमडीएमए पाउडर बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 26 हजार 500 रुपए बताई गई है. इसके अलावा 200 रुपए नकद और आईफोन मोबाइल भी जब्त किया गया.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुरानी बस्ती थाने में अपराध क्रमांक 590/26, धारा 22(ख), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है. आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है. पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश कर रही है.

Exit mobile version