Vistaar NEWS

CG News: मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 2 करोड़ का गांजा, तस्कर गिरफ्तार 

Crime News Breaking

क्राइम न्यूज

CG News: रायपुर. नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है. पुलिस ने गांजे की तस्करी के आरोप में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी मिर्ची की बोरियों के नीचे गांजे के पैकेट छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे. कार्रवाई के दौरान गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की जप्ती की गई है.

पुलिस के अनुसार डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में उड़ीसा सीमा से लगे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. इसी दौरान 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी.

इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक यूपी-71-टी-6592 को रोककर तलाशी ली गई. वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया. दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना धूमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं.

पुलिस ने वाहन में लोड सामान के संबंध में पूछताछ की तो आरोपियों ने मिर्ची की बोरियां होने की जानकारी दी. संदेह के आधार पर पुलिस ने बोरियों की जांच शुरू की. ट्रक के ऊपर मिर्ची की बोरियां रखी थीं. इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले. जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया.

मौके पर गवाहों की मौजूदगी में जांच करने पर कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ. इसका कुल वजन 440.63 किलो पाया गया. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है. इसके अलावा करीब 20 लाख रुपए कीमत का मिनी ट्रक भी जप्त किया गया.

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जाने की बात बताई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था. तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा बरामद

जशपुर पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपए कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है. इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. तस्करी में प्रयुक्त 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जप्त किए गए हैं.

कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur News: ठगों के झांसे में फंसे डॉ राकेश, लगी 25.66 लाख की चपत

Exit mobile version