Vistaar NEWS

Raipur News: 5 वीं के बच्चे से दोस्त और उसकी मां ने करवाई लाखों की चोरी

Crime News Breaking - Webp

क्राइम न्यूज

Raipur News:  रायपुर. राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र को उसके ही कोचिंग में पढ़ने वाले 13-14 वर्षीय दोस्त और उसकी मां ने धमकाकर उसके घर से रुपए चोरी करने के लिए मजबूर किया. मारपीट कर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी से डरे बालक ने करीब डेढ़ महीने तक घर की अलमारी से रुपए निकालकर उन्हें दिए. इस दौरान करीब 1.77 लाख रुपए चोरी कर दिए गए. कोचिंग शिक्षिका को दोनों बच्चों की बढ़ती नजदीकी पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने बालक के पिता को इसकी जानकारी दी और मामले का खुलासा हुआ.

पुलिस के अनुसार, शिवानंद नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका 11 वर्षीय बेटा पांचवीं कक्षा में पढ़ता है और श्रीनगर क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका के यहां कोचिंग जाता है. वहीं पढ़ने वाले 13-14 वर्षीय बालक से उसकी दोस्ती हुई. आरोप है कि जुलाई में वह उसे अपने घर ले गया, जहां उसकी मां से भी मुलाकात कराई गई. इसके बाद दोनों ने मिलकर बच्चे को डराना-धमकाना शुरू किया.

परफ्यूम के नाम पर रुपए लाने का दबाव

शिकायत के मुताबिक आरोपी बालक और उसकी मां ने पीड़ित बच्चे को धमकी दी कि यदि उसने रुपए नहीं दिए तो उसके साथ मारपीट कर हाथ-पैर तोड़ देंगे. डर के कारण बालक ने 27 जुलाई से 8 सितंबर के बीच कई बार घर की अलमारी से रुपए निकाले और अपने दोस्त को देता रहा. इस तरह कुल करीब 1.77 लाख रुपए दिए जाने की बात सामने आई है.

कोचिंग शिक्षिका ने दोनों बच्चों के बीच लगातार मेलजोल देखकर पीड़ित के पिता को इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने बच्चे से पूछताछ की तो उसने पूरी बात बताई और दोस्त व उसकी मां को रुपए देने की जानकारी दी.

रुपए लेने घर पहुंचा दोस्त, तभी पकड़ा गया

11 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे आरोपी बालक अपने साथी के साथ पीड़ित के घर रुपए लेने पहुंचा. परिवार पहले से सतर्क था. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि एक परफ्यूम की शीशी के बदले रुपए लिए गए हैं और अभी 77 हजार रुपए और लेना बाकी है. इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई. दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हुए और विवाद की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की.

मां ने 12 हजार रुपए लेने की बात स्वीकारी

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला सिलाई-कढ़ाई का काम करती है. पूछताछ में उसने अपने बेटे के साथ मिलकर बालक से 12 हजार रुपए लेने की बात स्वीकार की है. शिकायतकर्ता परिवार ने हालांकि कुल 1.77 लाख रुपए ब्लैकमेल कर वसूलने का आरोप लगाया है. पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के आरोप में धारा 308 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. नाबालिग होने के कारण आरोपी बालक के संबंध में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है.

एक सप्ताह पहले भी सामने आया था ऐसा मामला

गुढ़ियारी क्षेत्र में भी करीब एक सप्ताह पहले नाबालिग बच्चों को ब्लैकमेल कर उनके ही घर से जेवर चोरी करवाने का मामला सामने आया था. पुलिस ने प्रीतम नगर-बड़ा अशोक नगर निवासी बंदना साहू (26) और उसके पति दीपक साहू (29) को गिरफ्तार किया था. आरोप था कि दंपती बस्ती की 10 से 13 वर्ष की कई बालिकाओं से पहले मेलजोल बढ़ाते थे और खाने-पीने की चीजें देकर उनका विश्वास जीतते थे. इसके बाद बच्चों की कमजोरियों का पता लगाकर घरवालों को बताने की धमकी देते हुए उनके ही घर से जेवर चोरी करवाते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जेवर बरामद किए थे और दोनों को जेल भेज दिया था.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः AICC Secretary Interview 2026: राहुल-प्रियंका टटोल रहे छग के युवाओं का राजनीतिक कौशल, इन नेताओं से सीधे की बातचीत

Exit mobile version