Vistaar NEWS

रायपुर में सजे ‘सिक्कों वाले बप्पा’, 50 हजार से अधिक सिक्कों से तैयार हुई आकर्षक प्रतिमा

रुचि निर्मलकर.  रायपुर. गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर राजधानी रायपुर में इस बार भक्ति और कला का एक बेहद अनोखा रूप देखने को मिल रहा है. शहर के अलग-अलग हिस्सों में जहां पारंपरिक और आधुनिक थीम पर भव्य पंडाल सजाए गए हैं, वहीं देवपुरी इलाके में स्थापित ‘सिक्कों वाले गणेश जी’ इन दिनों लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.

 श्री शिव शक्ति युवा समिति, देवपुरी द्वारा स्थापित इस दिव्य प्रतिमा को बनाने में 50 हजार से असली सिक्कों का उपयोग किया गया है. इस अनोखी प्रतिमा की शिल्पकारी ने देखने वालों को हैरान कर दिया है. समिति के अनुसार, प्रतिमा के अलग-अलग अंगों को अलग-अलग मूल्यवर्ग के सिक्कों से बेहद खूबसूरती से गढ़ा गया है.

कहां लगाए गए कौन से सिक्के

मुख और धोती में 1 रुपए और 2 रुपए के सिक्कों से सजाई गई है. सूंड और कान में 5 रुपए के सिक्कों का उपयोग कर तैयार किए गए हैं. वहीं मुकुट में 10 रुपए और 20 रुपए के सिक्कों से भव्य रूप दिया गया है.

15 दिन की मेहनत और जन-सहयोग से तैयार हुए प्रतिमा

समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि इस सृजनात्मक कार्य को अंजाम तक पहुंचाने में करीब 15 दिन का समय लगा. इतने सारे सिक्के जुटाना आसान नहीं था, जिसके लिए बैंक, स्थानीय दुकानों और आसपास के रहवासियों से मदद ली गई. समिति के सदस्यों के साथ-साथ पूरे मोहल्ले के लोगों ने इसमें अपना सहयोग दिया है. परिणाम यह है कि देवपुरी स्थित इस पंडाल में बप्पा के दर्शन के लिए रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.

विसर्जन के बाद सिक्कों का क्या होगा?

इस सृजन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि उत्सव और विसर्जन के पश्चात इन सिक्कों का क्या किया जाएगा? क्या इन सिक्कों को विसर्जित किया जाएगा, इन्हें निकालकर जरूरतमंदों में बांटा जाएगा या फिर किसी मंदिर में दान स्वरूप अर्पित किया जाएगा?

इस पर श्री शिव शक्ति युवा समिति का कहना है कि फिलहाल उन्होंने इस विषय पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है. जल्द ही समिति के सभी पदाधिकारी बैठकर इस पर चर्चा करेंगे और सर्वसम्मति से आगे का फैसला लेंगे.

ये वीडियो भी जरूर देखें

Exit mobile version