Raipur local News: रायपुर. मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप का अवैध कारोबार करने के मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने दुकान संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 12,800 रुपए कीमत की कोडिन सिरप की 32 शीशियां जब्त की गई हैं. पुलिस के मुताबिक, मेडिकल स्टोर में बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित सिरप बेची जा रही थी. गिरफ्तार आरोपियों में शामिल जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह पहले भी प्रतिबंधित नशीली सिरप से जुड़े नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल जा चुका है. (Raipur medical store illegal codeine syrup)
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी स्थित ब्रह्मदेव नगर के विनायक मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई. (Raipur medical store illegal codeine syrup)
टेस्ट पर्चेस के बाद दुकान में छापा
पुलिस ने पहले मुखबिर के माध्यम से मेडिकल स्टोर में टेस्ट पर्चेस कराया. इस दौरान दुकान में बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने की पुष्टि हुई. इसके बाद संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर में छापा मारकर संचालक धीरज कुमार दुबे और मौके पर मौजूद जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह को पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान दुकान से कोडिन सिरप की 32 शीशियां बरामद हुईं. पुलिस ने सिरप की बिक्री और भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों आरोपी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने सिरप जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज
पुलिस ने मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 480/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) में अपराध दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपियों में धीरज कुमार दुबे (48), निवासी आकृति विहार, अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर और जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह (29), निवासी सूरज नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लाभांडी, थाना तेलीबांधा शामिल हैं. (Raipur medical store illegal codeine syrup)
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur Local News: अपूर्ण और अपंजीकृत परियोजना पर CG-RERA की सख्त कार्रवाई
