रायपुर. नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 8 के राजस्व विभाग ने लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं करने पर वार्ड क्रमांक 1, 2 और 21 क्षेत्र के 8 व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद किया गया. कार्रवाई के दौरान कुछ बकायादारों ने मौके पर ही भुगतान कर दिया.
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश पर अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के निर्देश में यह कार्रवाई की गई. सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल के मार्गदर्शन में राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा और सहायक राजस्व निरीक्षक राकेश दुबे व शिवेन्द्र सिंह की टीम ने अभियान चलाया.
जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल ने बताया कि वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 में ओमप्रकाश तिवारी पर 75,237 रुपए, सुरेन्द्र सिंह पर 82,554 रुपए और राहुल धारीवाल पर 2,11,633 रुपए की राशि बकाया थी. भुगतान नहीं करने पर इनके व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद कर दिया गया.
पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2 में रामानंद अग्रवाल पर 5,02,813 रुपए की बकाया राशि थी. सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होते ही उन्होंने 2,63,064 रुपए का आंशिक भुगतान कर दिया. वहीं 9,93,482 रुपए के बकायादार संतोषी देवी/रामनिवास के व्यावसायिक परिसर को भुगतान नहीं करने पर सीलबंद किया गया.
शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 में 1,68,613 रुपए के बकायादार रजिन्दर सिंह सब्बरवाल के परिसर की आठ दुकानों को सीलबंद किया गया. इसी वार्ड में 1,70,707 रुपए के बकायादार अनुराग विज और 90,984 रुपए के बकायादार तेजेन्द्र सिंह ने सीलबंदी की कार्रवाई होते ही अपनी पूरी बकाया राशि का भुगतान धनादेश के माध्यम से मौके पर कर दिया.
नगर निगम के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो लाख रुपए से अधिक के बकायादारों सहित अन्य बड़े बकायादारों से कुल 5 लाख 24 हजार 171 रुपए की बकाया राशि का भुगतान प्राप्त हुआ. निगम ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से कर एवं अन्य राजस्व राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
