Vistaar NEWS

Raipur: एम्स के सामने कार चढ़ाकर हत्या, आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर, 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

Raipur

आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर

Raipur: राजधानी रायपुर में प्रेम-प्रसंग को लेकर युवक को कार से रौंदकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित भरत मंगनानी ने मंगलवार को रायपुर न्यायालय में सरेंडर कर दिया. वह वकील की ड्रेस में कोर्ट परिसर पहुंचा था. आमानाका पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपित को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है.

एम्स के सामने कार चढ़ाकर की हत्या

दरअसल 14 अगस्त को थाना आमानाका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि प्रार्थी के भांजे परमजीत रणगण्ही की आरोपी भरत मंगनानी द्वारा जानबूझकर कार चढ़ाकर हत्या कर दी गई है. मृतक परमजीत की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी. उस दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध आई थी. गुरुद्वारा के पास शिखा साहू एवं परमजीत रणगण्ही की मुलाकात हुई, जहां भरत मंगनानी भी उपस्थित था.

बातचीत के दौरान भरत मंगनानी का परमजीत के साथ विवाद हुआ. प्रार्थी के अनुसार आरोपी ने नाराज होकर परमजीत की हत्या करने की नीयत से तेज गति से कार चलाते हुए उसके ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे परमजीत को गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा.

कोर्ट में आरोपी ने किया सरेंडर

घटना के बाद आरोपी भरत मंगनानी अपनी सफेद फॉक्सवैगन कार लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास उपस्थित लोगों द्वारा घायल परमजीत को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 264/2026, धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.

घटना के बाद से ही पुलिस टीम द्वारा आरोपी भरत मंगनानी की गिरफ्तारी हेतु उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी तथा तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से उसकी तलाश की जा रही थी. आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी एवं दबिश की कार्रवाई की जा रही थी. पुलिस की लगातार कार्रवाई एवं बढ़ते दबाव के चलते आरोपी भरत मंगनानी ने आज कोर्ट पहुंचकर न्यायालय के समक्ष सरेंडर किया.

ये भी पढ़ें- गजब है छत्तीसगढ़ पुलिसः ठग को पकड़ने ‘मोदी’ से करवाई फ्लाइट टिकट… टीआई समेत 8 सस्पेंड

Exit mobile version