Raipur News: रायपुर कमिश्नरेट के उत्तर जोन अंतर्गत गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में मंदिर परिसर की मूर्तियों को खंडित करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छैनी और हथौड़ा भी बरामद कर लिया है. आवेदक प्रवीण लांजेवर ने गुढ़ियारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि गुढ़ियारी पड़ाव स्थित शिव-हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित हनुमान जी, शिवलिंग और साईं जी की प्रतिमाओं को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देशन, एडीसीपी आदित्य पाण्डेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई.
बेरोजगारी की झुंझलाहट में दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लेने और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हेमंत अग्रवाल (निवासी: मेन बाजार के पास पड़ाव, गुढ़ियारी) बेरोजगार है. रास्ते से आते-जाते समय वह मंदिर को देखकर यह सोचकर चिढ़ रखता था कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं और वह हमेशा बेरोजगार रहेगा.
इसी झुंझलाहट में 27 अगस्त 2026 की रात करीब 3 बजे आरोपी ने अपने घर से छैनी और हथौड़ा लाकर मंदिर परिसर की मूर्तियों को तोड़ दिया. इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नियत से वह औजारों को अपने घर ले जाकर छिपा दिया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी हेमंत अग्रवाल (पिता रामकुमार अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छैनी-हथौड़ा जप्त कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
