रायपुर. रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की इनोवा क्रिस्टा कार बरामद की है. पूछताछ में आरोपियों ने बुलेट, केटीएम, एक्टिवा, स्प्लेंडर सहित ट्रैक्टर चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है. चोरी के वाहनों को अलग-अलग लोगों के माध्यम से बेचने की बात भी सामने आई है. मामले में अन्य चोरी की घटनाओं और आरोपियों की संलिप्तता की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक थाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंडेखुर्द स्थित रुद्रांश मोटर गैरेज के बाहर खड़ी इनोवा क्रिस्टा कार क्रमांक सीजी 04 एनएल 2725 चोरी होने की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. पुलिस ने मामले में आरोपियों से पूछताछ की. मुख्य आरोपी साहिल राय ने बताया कि वह गैरेज में एक्टिवा बनवाने के बहाने गया था. गैरेज में किसी व्यक्ति के नहीं होने पर उसने वहां रखी इनोवा की चाबी अपने पास रख ली. इसके बाद 5 सितंबर की रात करीब 11.30 बजे चाबी से कार स्टार्ट कर चोरी कर ली.
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध साहिल राय से पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर इनोवा क्रिस्टा बरामद कर ली गई. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी करता था और उन्हें दूसरे लोगों के माध्यम से बेचता था.
एक साल में कई वाहन चोरी
पूछताछ में आरोपी ने करीब एक वर्ष पहले मेकाहारा चिरघर के पास से बुलेट और कुछ दिन बाद केटीएम मोटरसाइकिल चोरी करना बताया. बुलेट को संजीव दत्ता के माध्यम से अमरजीत उर्फ बंटी को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की जानकारी सामने आई. इसके अलावा घड़ी चौक की पार्किंग से भी बुलेट चोरी कर संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत को बेचने की बात कही गई.
आरोपी ने आमानाका मेन रोड से बुलेट चोरी कर उसे ओडिशा में अपने परिचित को बेचने की जानकारी भी दी. करीब पांच-छह महीने पहले आमानाका शराब दुकान से अपने भाई अभिषेक राय के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात सामने आई. इस वाहन के संबंध में पंडरी पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है.
इसके अलावा करीब दो-तीन महीने पहले तेलीबांधा मरीन ड्राइव से एक्टिवा चोरी कर संजीव दत्ता को चलाने के लिए देने तथा करीब तीन महीने पहले ग्राम धनसुली के एक बाड़े से लाल रंग का ट्रैक्टर चोरी कर संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत उर्फ बंटी को बेचने का खुलासा हुआ. धनसुली स्थित ईंट-भट्ठे से एक अन्य ट्रैक्टर चोरी कर उसे जोरा बाजार के पास खड़ा करने और बाद में संजीव दत्ता के साथ मिलकर दिनेश कुमार टंडन को देने की बात भी पूछताछ में सामने आई है.
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी साहिल राय (23), संजीव दत्ता (27), अमरजीत सिंह (48) और दिनेश कुमार टंडन (44) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार अमरजीत सिंह ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2005 में आमाकांडा थाना क्षेत्र के हत्या के मामले में जेल गया था और करीब 14 वर्ष की सजा काट चुका है. वहीं संजीव दत्ता से उसकी पहचान जेल में हुई थी. दिनेश कुमार टंडन ने भी वर्ष 2016 में पुलिस विभाग में रहते हुए गांजा प्रकरण में जेल जाने और उसी दौरान संजीव दत्ता से परिचय होने की जानकारी दी है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़: मुख्य सचिव विकासशील ने ली उच्च स्तरीय बैठक, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
