Vistaar NEWS

रायपुरः 24 घंटे में पुलिस ने किया बड़ी चोरी का खुलासा…. मिले Cash ही Cash

रायपुर. उरला थाना क्षेत्र के कैलाश नगर, बीरगांव स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी (VR Education Academy) में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की नगदी बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, एकेडमी की संचालक प्रगति वर्मा ने 31 अगस्त को उरला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, मध्यरात्रि करीब 12:06 से 12:48 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति एकेडमी का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और आलमारी के लॉकर में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गया.

उज्जैन की ओर हुए फरार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और उरला थाना प्रभारी रोहित मालेकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ ही एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ और मुखबिरों के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की गई. तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी चोरी की वारदात के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर फरार हुए हैं.

इसके बाद पुलिस ने RPF भिलाई और बैतूल, मध्यप्रदेश की टीम से समन्वय स्थापित किया. त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बैतूल में हिरासत में लिया गया. रायपुर लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 4,97,500 रुपये की नगदी बरामद की है. मामले में उरला थाने में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305 और 3(5) में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है.

गिरफ्तार आरोपी

  1. चित्रांश सेन (18 वर्ष), पिता कृष्णा सेन, निवासी धनीराम फील्ड, कंपनी यातायात के पास, थाना खमतराई, रायपुर.
  2. फिरोज साहू (19 वर्ष), पिता संतोष साहू, निवासी कैलाश नगर, शिव मंदिर के पास, बीरगांव, थाना उरला, रायपुर.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Chhatron ki Goonj में जशपुर की बेटी बनी राष्ट्रीय संयोजक

Exit mobile version