Vistaar NEWS

Raipur में महिला टी-20 सीरीज का मैच, तैयारी पूरी, 10 अक्टूबर से बिकेंगे टिकट, बनी लोकल सपोर्ट कमेटी

raipur

रायपुर

Bharat Zimbabwe Mahila T20 Ticket Raipur: रायपुर: धान का कटोरा छत्तीसगढ़ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का गवाह बनने जा रहा है. यहां के नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी.ये तीनों मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से होंगे. इसे लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है.

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक

सीरीज को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हाई लेवल मीटिंग हुई. इसमें मैच की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर चर्चा की गई. रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है. इस कमेटी में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, PWD, NRDA और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सीनियर अफसरों को शामिल किया गया है.

दर्शकों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है. इस बार स्टेडियम में टिकट काउंटर पर भीड़ नहीं लगेगी. सारे टिकट ऑनलाइन बेचे जाएंगे. स्टेडियम के गेट पर ई-टिकट की स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई लगाया जाएगा ताकि नेटवर्क इश्यू न हो. टिकट खरीदने वालों को पार्किंग पास भी दिया जाएगा. पूरे स्टेडियम और पार्किंग एरिया में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे.

खाने-पीने और पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी.सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी पुख्ता इंतजाम हैं. स्वास्थ्य विभाग ने स्टेडियम के आसपास के अस्पतालों की मैपिंग कर ली है. मैच के दौरान स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी. किसी भी इमरजेंसी और वीआईपी मूवमेंट के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पानी के टैंकर और इमरजेंसी एग्जिट रूट भी तैयार रहेंगे. बिजली और मोबाइल नेटवर्क के लिए अलग से टीम बनाई गई है.

मंधाना करेंगी कप्तानी

शेड्यूल के मुताबिक भारतीय महिला टीम 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंच जाएगी. टीम को 4 दिन प्रैक्टिस का मौका मिलेगा. जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को पहुंचेगी. टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है.इस सीरीज की सबसे बड़ी खास बात कप्तानी को लेकर है.

स्मृति मंधाना इस सीरीज से फुल-टाइम कप्तान के तौर पर अपने नए युग की शुरुआत करेंगी. शेफाली वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है. टीम में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी हैं. इसके अलावा 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, मिन्नू मणि और क्रांति गौड़ जैसी खिलाड़ी भी शामिल हैं.

Exit mobile version