रायपुर. छत्तीसगढ़ के जंगलों की जैव विविधता एक बार फिर सुर्खियों में है के बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन और सफारी गतिविधियां शुरू होते ही एक ऐसी प्राकृतिक उपलब्धि सामने आई है, जिसने वन्यजीव प्रेमियों और पक्षी विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है. अभयारण्य क्षेत्र में दुर्लभ शिकारी पक्षी बोनेली ईगल (Bonelli’s Eagle) दिखाई दिया है. 23 नवंबर को इस दुर्लभ पक्षी को एक वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर डॉ. आलोक सिंह ने अपने कैमरे में कैद किया. अभयारण्य में इसकी मौजूदगी का रिकॉर्ड अधीक्षक कृषाणु चंद्राकर ने भी पुष्ट किया है. जंगल में इस दुर्लभ शिकारी पक्षी की मौजूदगी न केवल बारनवापारा की समृद्ध पक्षी संपदा को सामने लाती है, बल्कि इस क्षेत्र में वन्यजीव अध्ययन और बर्ड वॉचिंग की संभावनाओं को भी नई मजबूती देती है. अभयारण्य में सफारी और पर्यटन गतिविधियां शुरू होने के बाद पर्यटकों के लिए जंगल की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर भी बढ़ा है.
इसी बीच 23 नवंबर को सफारी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान बोनेली ईगल देखने को मिला. उक्त वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर ने इस शिकारी पक्षी को अपने कैमरे में कैद किया. इस दौरान अभयारण्य के सफारी गाइड चैनसिंह ध्रुव भी मौजूद थे. यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बोनेली ईगल सामान्य पक्षियों की तरह आसानी से दिखाई देने वाला पक्षी नहीं है. शिकार करने की अपनी विशेष
क्षमता, तेज नजर और उड़ान के लिए पहचाने जाने वाले इस पक्षी की मौजूदगी किसी भी वन क्षेत्र की पक्षी विविधता के अध्ययन में महत्वपूर्ण जानकारी जोड़ती है. बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य अपनी हरियाली, प्राकृतिक वन संरचना, विविध वनस्पतियों और वन्यजीवों के लिए जाना जाता है. यहां आने वाले पर्यटक
सामान्य तौर पर जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों को देखने की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन बोनेली ईगलल जैसे पक्षी का दिखना यह भी बताता है कि इस जंगल की पहचान केवल बड़े वन्यजीवों तक सीमित नहीं है. पक्षियों की विविधता भी किसी अभयारण्य की पारिस्थितिक समृद्धि का महत्वपूर्ण संकेत होती है. ऐसे में इस दुर्लभ शिकारी पक्षी का रिकॉर्ड बारनवापारा को पक्षी अवलोकन के संभावित प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकता है.
बोनेली ईगल को जानिए, क्यों है खास
बोनेली ईगल एक शिकारी पक्षी है, जिसे वैज्ञानिक रूप से Aquila fasciata के नाम से जाना जाता है. यह मुख्य रूप से चट्टानी पहाड़ियों, जंगलों और ऐसे प्राकृतिक क्षेत्रों में पाया जाता है, जहां शिकार के लिए पर्याप्त जैविक संसाधन उपलब्ध हों. इसकी तेज दृष्टि, मजबूत पंजे और शिकार पकड़ने की क्षमता इसे अन्य पक्षियों से अलग पहचान देती है. खाद्य श्रृंखला में शिकारी पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. ये छोटे स्तनधारियों और अन्य शिकार प्रजातियों की आबादी को प्राकृतिक संतुलन में बनाए रखने में योगदान देते हैं. ऐसे में बारनवापारा में इस पक्षी का अवलोकन वन क्षेत्र के पारिस्थितिक महत्व की दृष्टि से भी दिलचस्प है.
पर्यटन के साथ संरक्षण और अनुसंधानक को भी मिलेगी नई दिशा
बारनवापारा में बोनेली ईगल वन्यजीव पर्यटन के लिए भी उत्साहजनक है. यहां आने वाले पर्यटकों के लिए जंगल सफारी के साथ पक्षियों की पहचान और उनके प्राकृतिक व्यवहार को समझने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. यदि वन विभाग की ओर से व्यवस्थित बर्ड वॉचिंग गतिविधियों, प्रशिक्षित गाइड और पक्षियों की प्रजातियों का दस्तावेजीकरण किया जाए, तो अभयारण्य को एक अलग पहचान मिल सकती है.
