CG Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसर दिन है. दूसरे दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी. सदन में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगे जाएंगे. उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे.
सदन में नक्सलवाद खात्मे पर आभार जताएंगे सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और उपलब्धियों को लेकर सदन में केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करेंगे. विपक्ष की ओर से सदन में अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति भी मांगी जाएगी. वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे.
इन मुद्दों पर गरमाएगा सदन
आज के ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठेगा. इसके अलावा जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मामला भी सदन में गूंजेगा. विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू अपनी-अपनी याचिकाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे.
साथ ही मंत्री ओपी चौधरी और टंक राम वर्मा शासकीय विधि विषयक कार्यों को पुनःस्थापित करेंगे. इसके अलावा प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम के तहत शासकीय संकल्प भी वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन में पेश करेंगे. कुल मिलाकर, मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल से लेकर अविश्वास प्रस्ताव, नक्सलवाद, पुरातात्विक संरक्षण और परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि में अनियमितता जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में तीखी चर्चा होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दो दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून, कई जिलों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश
पहले दिन राम मंदिर चंदा चोरी पर हुआ हंगामा
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसूत्र सत्र के पहले दिन पंडवानी गायिका पद्मविभूषण डॉ तीजनबाई को श्रद्धांजलि दी गई. इसके बाद राममंदिर चंदा विवाद पर सदन का माहौल गरम हो गया. पक्ष विपक्ष की नारेबाजी के बीच विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने विधानसभा मंगलवार तक स्थगित कर दी.
