CG News: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अभ्यर्थियों के नामों पर आयोग ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है. आयोग ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही भ्रामक जानकारी का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और परिणाम पूरी तरह अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों में दर्ज विवरण के आधार पर जारी किए गए हैं.
आवेदन में दर्ज नामों के आधार पर जारी हुआ परिणाम
CGPSC के मुताबिक, जिन नामों को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वे संबंधित अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन के समय दर्ज किए गए नाम हैं. आयोग ने स्पष्ट किया कि NEWS, SPACERANI, HE RAM, BHAKT PRAHALAD और TUFAIL जैसे नामों वाले अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक परीक्षण में भी शामिल हो चुके हैं. इसलिए चयन सूची में इन नामों का होना किसी तरह की अनियमितता का संकेत नहीं है.
4 अगस्त को घोषित हुआ था प्रीलिम्स परीक्षा परिणाम
दरअसल, 4 अगस्त 2026 को आयोग ने सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर के 341 पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया था. इस परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया. परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों के 183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी.
सोशल मीडिया पर वायरल सूची से शुरू हुआ विवाद
रिजल्ट जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों की सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई. सूची में NEWS, SPACERANI और MANBAS समेत कुछ नामों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. इस मुद्दे पर विपक्षी कांग्रेस ने भी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए. हालांकि, आयोग ने सभी दावों का खंडन करते हुए कहा है कि परीक्षा परिणाम पूरी तरह निर्धारित प्रक्रिया और अभ्यर्थियों के आवेदन में उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है.
ये भी पढे़ं- ‘पेपर लीक करना हत्या से भी बड़ा अपराध…’, हाई कोर्ट ने CGPSC घोटाले में पूर्व IAS अधिकारी की जमानत याचिका की खारिज
