Vistaar NEWS

CG Transfer: श‍िक्षा विभाग ने 700 शिक्षकों का किया तबादला, 400 नाम अंतिम सूची से बाहर, आदेश जारी

Illustrative image

सांकेतिक तस्‍वीर

CG Transfer News: छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लंबे समय से लंबित तबादलों को लेकर शिक्षा विभाग ने आखिरकार आदेश जारी कर दिए हैं. विभाग की ओर से करीब 700 शिक्षकों का ट्रांसफर किया गया है. वहीं जांच और नियमों के परीक्षण के बाद करीब 400 शिक्षकों के नाम अंतिम सूची से बाहर कर दिए गए. विभाग अब भविष्य में तबादले की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की दिशा में भी तैयारी कर रहा है.

जानकारी के मुताबिक, शिक्षा विभाग ने तबादले के लिए शुरुआत में करीब 1,600 शिक्षकों के नामों की सूची तैयार की थी. बाद में सूची की समीक्षा कर इसमें कमी करने के निर्देश दिए गए. इसके बाद करीब 1,000 शिक्षकों के नामों वाली संशोधित सूची तैयार की गई. अंतिम स्तर पर नियमों और पात्रता की जांच के दौरान करीब 400 नाम हटा दिए गए. इसके बाद बची सूची में शामिल लगभग 700 शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए गए हैं.

विभाग ने शिक्षकों की उपलब्धता और पढ़ाई को दी प्राथमिकता

तबादले की प्रक्रिया में विभाग ने स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्राथमिकता दी है. ऐसे स्कूल जहां पहले से ही शिक्षकों की संख्या कम है, वहां से शिक्षकों को हटाने से बचा गया. युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, सिंगल टीचर स्कूलों में पदस्थ शिक्षक और ऐसे शिक्षक, जिनके तबादले के बाद संबंधित स्कूल शिक्षक विहीन हो सकता था, उन्हें ट्रांसफर नहीं दिया गया.

इसके अलावा अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में तबादले के मामलों को भी अंतिम सूची में जगह नहीं मिली. ज्यादा छात्र संख्या वाले स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों के तबादले पर भी रोक रखी गई. विभाग का मानना है कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण से यदि स्कूल में शिक्षकों की कमी होती है तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ सकता है.

प्राप्‍त आवेदनों के आधार पर सूची तैयार

शिक्षकों के तबादले के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से मिली सिफारिशों के आधार पर प्रारंभिक सूची तैयार की गई थी. इसके बाद विभाग ने मामलों की अलग-अलग स्तर पर जांच की. जांच और समीक्षा की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ कई नाम सूची से बाहर किए गए. इसी प्रक्रिया में करीब 400 शिक्षकों के नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं किए गए.

करीब 700 शिक्षकों के तबादला आदेश जारी होने के साथ लंबे समय से चल रहा इंतजार खत्म हो गया है. तबादला किए गए शिक्षकों को अब आदेश के अनुसार नए स्कूलों में पदभार ग्रहण करना होगा.

ऑनलाइन व्‍यवस्‍था पर चल रहा विचार

वहीं, मौजूदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग तबादलों के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करने पर भी विचार कर रहा है. प्रस्तावित व्यवस्था में शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इसके साथ ही जरूरी दस्तावेज जमा करने और आवेदन की स्थिति की जानकारी लेने की सुविधा भी ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाने पर विचार किया जा रहा है.

विभाग दूसरे राज्यों में लागू ऑनलाइन ट्रांसफर व्यवस्था का भी अध्ययन कर रहा है. तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की समीक्षा के बाद इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा. यदि व्यवस्था लागू होती है तो आने वाले समय में शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा सकेगी.

ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 IFS अधिकारियों का तबादला, देखें लिस्‍ट

Exit mobile version