Vistaar NEWS

CG News: रायपुर में स्‍कूलों के आसपास चल रहा था तंबाकू-गुटखे का व्यापार, नगर निगम ने अभियान चलाकर हटाए 25 ठेले-गुमटियां

Tobacco and Gutkha Seized

तंबाकू-गुटखा जब्त

CG News: रायपुर में स्कूली बच्चों को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया. इस दौरान शहर के खमतराई, भनपुरी और गोगांव इलाके में स्कूलों के आसपास संचालित पान ठेलों की जांच की गई. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में तंबाकू, गुटखा, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए. साथ ही स्कूल परिसरों के आसपास लगे करीब 20 से 25 अवैध ठेले और गुमटियों को भी हटाया गया.

कोटपा एक्ट के तहत हुई कार्रवाई

यह अभियान जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर कोटपा एक्ट (COTPA Act) के तहत चलाया गया. नगर निगम के जोन-1 अमले और पुलिस की संयुक्त टीम ने खमतराई, भनपुरी, गोगांव के स्कूलों के साथ छोटा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी औचक निरीक्षण किया.

जांच में मिली प्रतिबंधित सामग्री

जांच के दौरान कई पान दुकानों और ठेलों पर नियमों के विपरीत तंबाकू उत्पाद खुलेआम बिकते पाए गए. अधिकारियों ने मौके से गुटखा पाउच, सिगरेट के पैकेट और अन्य नशीली सामग्री जब्त करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की.

अवैध ठेले-गुमटियां भी हटाई गईं

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों के आसपास तंबाकू और गुटखा जैसे उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर कारोबार किया जा रहा था. इसी वजह से अवैध रूप से संचालित ठेले और गुमटियों को हटाने की कार्रवाई भी की गई.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ जब्ती, जुर्माना और कानून के अनुसार अन्य कार्रवाई भी की जाएगी.

ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ के किसानों लिए बड़ी खबर, खाद खरीदी पर टोकन व्यवस्था खत्म, जानें अब क्या है नया तरीका

Exit mobile version