राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग का खेल किसी से छिपा नहीं है. लेकिन सभी के साठ-गाठ से ये पूरा खेल फल-फूल रहा है. लेकिन अब नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने तमाम जोन के अधिकारियों को टीएल मीटिंग में जमकर फटकार लगाई है और अवैध प्लाटिंग में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए है. जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक- दो दिनों में राजधानी रायपुर में चल रहे अवैध प्लाटिंग के खेल में निगम कार्रवाई कर सकती है.
नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम में तेजी लाने और आमजन से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए. बैठक में आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. साथ ही भवन अनुज्ञा से जुड़े प्रकरणों में भी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. नगर निगम के राजस्व हित में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिकाधिक राजस्व वसूली करने के निर्देश भी दिए गए.
जिला प्रशासन की प्रोजेक्ट पुनर्जीवन योजना के तहत शहर के सभी वार्डों में अभियान चलाकर पेड़ों के आसपास लगाए गए पुराने ट्री गार्ड, कांक्रीट घेरे और पेवर हटाने तथा इसकी लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए. आयुक्त ने शासन की आयुष्मान कार्ड योजना में भी तेजी लाकर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने को कहा.
अवैध नल कनेक्शन होंगे नियमित
आयुक्त ने शहर में अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अवैध कनेक्शनों को नियमानुसार नियमित कर नगर निगम की करारोपण व्यवस्था में प्राथमिकता से शामिल किया जाए.
इसके अलावा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग अभियान चलाकर अधिक से अधिक स्थानों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त आमजनों की शिकायतों एवं आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने को भी कहा गया.
पीएम आवास योजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों के सर्वे और बीएलसी तथा एएचपी घटक की प्रगति की जानकारी ली गई. आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. शहर में विज्ञापन बोर्ड लगाने की प्रक्रिया भी निर्धारित नीति और नियमानुसार कराने के लिए जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया गया. बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा और विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, नगर निवेशक आभास मिश्रा सहित उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur: दुर्लभ बीमारी से जूझ रही 14 साल की बच्ची की त्वचा में सुधार, 55 दिन के इलाज का दिखा असर
