दीपक बैज के कार्यकाल पूरे होने पर TS सिंहदेव ने दी बधाई, बोले- उनके नियुक्ति पत्र में नहीं लिखा कि केवल 3 साल के लिए नियुक्त किया
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव
CG News: छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल के 3 साल पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि दीपक बैज ने पिछले 3 वर्षों में बेहतर कार्य किया है. सिंहदेव ने स्पष्ट किया कि बैज का 3 साल का कार्यकाल पूरा जरूर हुआ है, लेकिन उनका कार्यकाल अभी समाप्त नहीं हुआ है, क्योंकि उनके नियुक्ति पत्र में कहीं भी यह उल्लेख नहीं था कि उनकी नियुक्ति केवल 3 साल के लिए की जा रही है.
समर्थकों के पोस्टर पर जताई आपत्ति
सिंहदेव ने कहा कि उनके समर्थकों की ओर से उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग को लेकर जो पोस्टर बनाए और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जा रहे हैं, वह ठीक नहीं है. उनका कहना है कि इससे गलत संदेश जाता है. हालांकि, उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग सोशल मीडिया पर उठाने वाले अपने समर्थकों का धन्यवाद भी किया.
भूपेश बघेल से 18 मिनट हुई बातचीत
विस्तार न्यूज़ से खास बातचीत के दौरान सिंहदेव ने खुलासा किया कि पिछले दिनों जब वह दिल्ली गए थे, तब उनकी फोन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लंबी बातचीत हुई थी. उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच करीब 18 मिनट तक चर्चा हुई. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बातचीत में यूथ कांग्रेस के चुनाव के अलावा पारिवारिक विषयों और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
यूथ कांग्रेस चुनाव में हस्तक्षेप न करने की सलाह
यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर भी सिंहदेव ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को यूथ कांग्रेस के चुनाव में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए, ताकि संगठन का माहौल खराब न हो. उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ नेताओं को अपने-अपने धड़े के नेताओं को चुनाव लड़वाने से भी बचना चाहिए.
ये भी पढे़ं- CG News: कल खत्म होगा PCC चीफ दीपक बैज का कार्यकाल, TS सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मांग