Raipur Urban Challenge Fund: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. रायपुर की सूरत अब अरबन चैलेंज फंड के जरिए बदलेगी.इसके लिए 8 बड़ी योजनाओं के लिए 2,853 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज नवा रायपुर में इस संबंध में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे. कार्यशाला में योजनाओं को अंतिम रूप देने और फंडिंग के मॉडल पर मंथन होगा.प्रस्ताव के अनुसार केंद्र सरकार से 713 करोड़ रुपये और राज्य सरकार से 682 करोड़ रुपये मिलने का प्रस्ताव है.
1,458 करोड़ रुपये जुटाने पर होगा मंथन
इसके लिए शेष 1,458 करोड़ रुपये बैंक और बाहरी स्रोतों से जुटाने पर मंथन होगा. इस फंड के जरिए शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है. गंजमंडी री-डेवलपमेंट और नवीन मार्केट के व्यावसायिक केंद्र का विकास किया जाएगा. इससे शहर के पुराने बाजारों को नया स्वरूप मिलेगा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.छोकरा नाला में 197 करोड़ रुपये की लागत से 60 MLD क्षमता का STP बनाया जाएगा.
छत्तीसगढ़ का Sirpur अब UNESCO की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में, राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि
सीवेज सिस्टम में सुधार होगा
इससे शहर के सीवेज सिस्टम में सुधार होगा और नाले के प्रदूषण पर रोक लगेगी.भनपुरी-रावांभाठा में 150 करोड़ रुपये से इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट नगर की योजना तैयार है. इससे शहर में ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सुगम होगी और भारी वाहनों के दबाव से राहत मिलेगी.इसके साथ ही शहर की जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए 675 करोड़ रुपये की योजना पर भी फोकस किया जाएगा.
दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
कार्यशाला में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल होंगे. इसके अलावा नगर निगम के अधिकारी, नगर नियोजन से जुड़े विशेषज्ञ और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यशाला में रायपुर के विकास की रोडमैप पर अपनी बात रखेंगे.
