CG News: छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार खेल जगत में अपना दम दिखा रहे हैं. वहीं इस बार खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (KISCE), बिलासपुर की दो महिला हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है.
यह प्रतियोगिता 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होगी. दोनों खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया है.
कौन है मधु सिदार?
- मधु सिदार जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली हैं. उनके माता-पिता खेती करते हैं.
- मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और इंटर जोन चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है.
- मधु सिदार वर्तमान में खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर, बिलासपुर में प्रशिक्षण ले रही हैं.
- उनके शानदार प्रदर्शन और लगातार मेहनत के दम पर उन्हें भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में जगह मिली है.
गीता यादव पहले भी पहन चुकी हैं टीम इंडिया की जर्सी
- कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय अनुभव पहले से ही मजबूत रहा है. उन्होंने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली.
- वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर पहली बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद उन्होंने 2025 में अर्जेंटीना और 2026 में इंग्लैंड तथा स्कॉटलैंड दौरे में भी भारत की ओर से खेला.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ SI भर्ती रिजल्ट में NEWS, SPACERANI जैसे नाम, आयोग ने कहा- सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी
छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी की लहर
दोनों खिलाड़ियों के चयन से पूरे छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी की लहर है. खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और खेल विभाग ने इस उपलब्धि पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए एशिया कप में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं. यह उपलब्धि राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है.
