Vistaar NEWS

CG News: नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्कर रवि साहू की साढ़े 7 करोड़ की संपत्ति सीज

Ravi Sahu (File Photo)

रवि साहू(File Photo)

CG News: राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अंतरराज्यीय गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू की करोड़ों रुपए की संपत्ति सीज कर दी गई है. रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एनडीपीएस मामलों में पहली बार SAFEMA कानून के तहत कार्रवाई करते हुए रवि साहू और उसके परिवार से जुड़ी कुल 16 संपत्तियों को जब्त किया है. सीज की गई संपत्तियों की कुल कीमत करीब 7 करोड़ 66 लाख रुपए बताई जा रही है.

पत्नी, बेटे और मां के नाम पर खरीदी थी संपत्ति

पुलिस के अनुसार आरोपी रवि साहू ने अवैध नशे के कारोबार से अर्जित रकम से अपनी पत्नी, बेटे और मां के नाम पर करोड़ों की संपत्तियां खरीदी थीं. जांच के बाद इन सभी संपत्तियों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया. रवि साहू के खिलाफ अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.

यह सिर्फ मैसेज, कार्रवाई जारी रहेगी

पुलिस कमिश्नरेट ने मामले का विस्तृत प्रतिवेदन सफेमा कोर्ट मुंबई को भी भेजा है. अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी. रायपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को राजधानी में सक्रिय नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है.

ये भी पढे़ं: CG News: ‘तू सिर्फ मेरा है…’ युवती ने शादीशुदा प्रेमी पर चाकू से किया हमला, कई घंटों तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Exit mobile version