Vistaar NEWS

Ambikapur: सूदखोरी और धमकियों से परेशान होकर कारोबारी की आत्महत्या का मामला, आरोपी गिरफ्तार

ambikapur businessman suicide case one accused arrested

जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Ambikapur News: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में कारोबारी संदीप अग्रवाल की आत्महत्या मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पंकज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतक को अत्यधिक ब्याज पर पैसे उधार देता था और मूलधन व ब्याज की वसूली के लिए लगातार जान से मारने की धमकी देकर प्रताड़ित करता था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है.

आरोपी जान से मारने की धमकी देता था

पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच के दौरान मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट, परिजनों और गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की तकनीकी जांच तथा बैंक खाते के लेन-देन का विश्लेषण किया गया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक संदीप अग्रवाल और आरोपी पंकज चौधरी के बीच लगातार पैसों का लेन-देन और फोन पर बातचीत होती थी.

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पंकज चौधरी ने मृतक को ऊंची ब्याज दर पर रकम उधार दी थी. भुगतान में देरी होने पर वह लगातार दबाव बनाता था और जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. मृतक ने इस प्रताड़ना का उल्लेख अपने सुसाइड नोट में भी किया था और अपने पिता तथा पत्नी को भी इसकी जानकारी दी थी.

किन धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ?

पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 487/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108, 351(3) तथा कर्जा एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया.

ये भी पढ़ें: अंबिकापुर में आयुष्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, फर्जी मरीज दिखाकर लाखों का क्लेम, घेरे में पांच प्राइवेट अस्पताल

पुलिस ने मोबाइल जब्त किया

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पंकज चौधरी (50 वर्ष), निवासी राजेंद्र वार्ड, दर्रीपारा, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और मेमोरेंडम बयान देने से भी इंकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया.

पुलिस ने कहा है कि सूदखोरी, अवैध वसूली और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी है.

Exit mobile version