Vistaar NEWS

कबरा हाथी की तलाश में सात किलोमीटर चला कुमकी, फिर भी नहीं मिला सुराग

ambikapur-kabra-elephant-rescue-operation-radio-collar-forest-department-team-fails-day-one

अंबिकापुर. 17 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू अभियान शुक्रवार को पहले दिन सफल नहीं हो सका. हाथी की लोकेशन नहीं मिलने के कारण विशेषज्ञों की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा. अब शनिवार को दोबारा अभियान शुरू किया जाएगा. इस दौरान तैमोर पिंगला अभयारण्य से लाए गए दो कुमकी हाथियों की मदद से कबरा की तलाश की जाएगी.

सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र अंतर्गत सायर और पहाड़कोरजा के बीच के घने जंगल में कबरा हाथी के विचरण की जानकारी मिली है. उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने तैमोर पिंगला अभयारण्य से दो कुमकी हाथियों को रात में ही उदयपुर बुला लिया था. शुक्रवार सुबह से वन अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम ग्राम सायर में डेरा डालकर रेस्क्यू अभियान में जुटी रही. हाथी की लोकेशन पता करने के लिए तीन ड्रोन कैमरों की मदद ली गई, लेकिन सफलता नहीं मिली.

इसके बाद महावत और विशेषज्ञों ने कुमकी हाथियों को कबरा के पदचिह्नों की गंध के आधार पर जंगल में आगे बढ़ाया. कुमकी हाथी करीब सात किलोमीटर तक चले, लेकिन घने जंगल के बीच पथरीला इलाका और बड़ी-बड़ी चट्टानें होने के कारण कबरा के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिल सके. इस वजह से कुमकी हाथी भी रास्ता भटक गए और अभियान को रोकना पड़ा.

17 हाथियों के दल में शामिल होने से पहचान मुश्किल

मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी प्रणय मिश्रा के मुताबिक सायर और पहाड़कोरजा के बीच जिस क्षेत्र में कबरा हाथी के जाने की जानकारी मिली है, वहां पहले से ही 17 हाथियों का दल मौजूद है. कबरा भी इसी दल में शामिल हो गया है. ऐसे में उसकी अलग से पहचान करना मुश्किल हो रहा है. जब वह झुंड से अलग होगा, तभी उसकी सही पहचान कर ट्रेंक्यूलाइज करने और रेडियो कॉलर लगाने की कार्रवाई की जा सकेगी. उन्होंने बताया कि कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करने के बाद तैमोर पिंगला के रेस्क्यू सेंटर में रखने पर सहमति बनी है. इसके लिए शासन से जल्द आदेश मिलने की संभावना है.

विशेषज्ञों की टीम ने सायर में डाला डेरा

रेस्क्यू अभियान में वन्य प्राणी सीसीएफ प्रणय मिश्रा, वन्य प्राणी डीएफओ सौरभ सिंह, सरगुजा वनमंडलाधिकारी लोकनाथ पटेल, सूरजपुर वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल, उप वनमंडलाधिकारी सपना मुखर्जी, प्रतापपुर की संस्कृति वारले और उदयपुर रेंजर फेकू चौबे सहित सीतापुर, मैनपाट, सूरजपुर, प्रतापपुर और प्रेमनगर के रेंजर मौजूद रहे. विशेषज्ञों में तैमोर पिंगला के डॉ. अजीत और कानन पेंडारी के डॉ. चंदन व डॉ. जड़िया के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया.

Exit mobile version