Vistaar NEWS

Ambikapur: मैनपाट में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बीच बड़ा फैसला, बक्साइट लोड ट्रकों की एंट्री पर लगा ब्रेक

Ambikapur

अंबिकापुर

Ambikapur: सरगुजा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है. पिछले एक साल के भीतर मैनपाट में एक लाख से अधिक पर्यटकों के पहुंचने के बाद अब पर्यटन सीजन और व्यस्त समय में बक्साइट लोड ट्रकों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा.

मैनपाट की पहाड़ी और घुमावदार सड़कों पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक के बीच भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसी को देखते हुए बक्साइट लोड ट्रकों के संचालन पर सुबह और शाम के समय प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है.

दो घंटे बंद रहेगी ट्रकों की आवाजाही

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सुबह 9 बजे से 10 बजे तक बक्साइट लोड ट्रकों की आवाजाही बंद रहेगी. वहीं शाम के समय भी करीब दो घंटे तक भारी वाहनों को मैनपाट की सड़कों पर संचालित नहीं किया जाएगा. इस दौरान पर्यटकों और अन्य छोटे वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता देने की व्यवस्था रहेगी, जिससे पर्यटन स्थल की ओर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो और पहाड़ी मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम किया जा सके.

विधायक ने कलेक्टर से की चर्चा

पर्यटकों की बढ़ती संख्या और मैनपाट की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से चर्चा की है. विधायक ने मैनपाट में बढ़ते पर्यटन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

मैनपाट में पर्यटन गतिविधियों के लगातार बढ़ने के साथ सड़क पर वाहनों की संख्या भी बढ़ रही है. ऐसे में भारी वाहनों और पर्यटक वाहनों के बीच टकराव की स्थिति न बने, इसे लेकर समयबद्ध तरीके से बक्साइट ट्रकों की आवाजाही नियंत्रित करने का फैसला अहम माना जा रहा है. मैनपाट अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, पहाड़ी वादियों और पर्यटन स्थलों के लिए प्रदेशभर में पहचान रखता है. पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच प्रशासन के सामने पर्यटन और खनिज परिवहन के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती भी है.

CG News: PM आवास योजना पर घमासान, एक मंच पर आमने-सामने होंगे विजय शर्मा और भूपेश बघेल

Exit mobile version