Ambikapur News: सरगुजा संभाग में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. पदोन्नति की प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी लाने की मांग को लेकर TET उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक अंबिकापुर स्थित संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचे. यहां शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को चेतावनी पत्र सौंपा.
अंतिम वरिष्ठता सूची तत्काल जारी करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति प्रक्रिया में TET की पात्रता को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाना चाहिए. संघ ने TET अहर्ता सहित अंतिम वरिष्ठता सूची तत्काल जारी करने की मांग की है, ताकि पात्र शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिल सके और पूरी प्रक्रिया को लेकर बनी असमंजस की स्थिति दूर हो. शिक्षकों ने कहा कि केवल वरिष्ठता सूची जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके बाद पदोन्नति प्रस्ताव तैयार करने, DPC की प्रक्रिया पूरी करने, पदोन्नति आदेश जारी करने और काउंसलिंग की तारीख भी निर्धारित की जानी चाहिए.
खाली हुए पदों को भी गणना में शामिल करने की मांग
संघ ने 6 अगस्त को जारी स्थानांतरण आदेशों के बाद रिक्त हुए पदों को भी पदोन्नति के लिए उपलब्ध पदों की गणना में शामिल करने की मांग की है. शिक्षकों का कहना है कि इन स्थानांतरणों के कारण कई स्कूलों में पद रिक्त हुए हैं. ऐसे में इन रिक्त पदों की जानकारी स्कूलवार सार्वजनिक की जानी चाहिए, जिससे शिक्षकों को पदोन्नति के उपलब्ध पदों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके.
शिक्षकों ने सौंपा चेतावनी पत्र
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने संयुक्त संचालक, सरगुजा संभाग को चेतावनी पत्र सौंपते हुए मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की. संघ का कहना है कि शिक्षक लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं. प्रक्रिया में देरी से पात्र शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है.
संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में संभाग स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा और शिक्षा विभाग के कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा.
विभाग का यह है पक्ष
वहीं, इस पूरे मामले में सहायक संचालक शिक्षा विभाग शशिकांत सिंह ने कहा कि शासन स्तर से पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है. संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से संबंधित जानकारी और सूची मंगाई जा रही है. सभी जिलों से सूची प्राप्त होने के बाद नियमानुसार पदोन्नति की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है और शासन के निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
शिक्षकों की मांगों पर अब कार्रवाई का इंतजार
TET उत्तीर्ण शिक्षकों के प्रदर्शन के बाद अब निगाहें शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं. शिक्षक जहां जल्द से जल्द अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने और पदोन्नति की तारीख तय करने की मांग कर रहे हैं, वहीं विभाग का कहना है कि सभी जिलों से जानकारी जुटाकर प्रक्रिया पूरी की जाएगी. ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिक्षकों की मांगों पर विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करता है.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की जोरदार टक्कर में AAP और BJP विधायक समेत 6 घायल
