Vistaar NEWS

छह दिन बाद कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने में मिली सफलता, अब लगाया जाएगा सैटेलाइट कॉलर

Ambikapur Kabra Elephant Rescue Kumki

अंबिकापुर. सरगुजा संभाग में 17 लोगों की जान ले चुके उत्पाती कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने के अभियान में वन विभाग को आखिरकार बड़ी सफलता मिली है. छह दिनों से चल रहे अभियान के बाद विशेषज्ञों की टीम ने बुधवार को कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने के लिए डॉट लगा दिया. डॉट लगने के बाद हाथी धीरे-धीरे बेहोश हो रहा है. इसके बाद विशेषज्ञों की टीम उसे सैटेलाइट रेडियो कॉलर आईडी लगाएगी, जिससे उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखी जा सकेगी.

दरअसल, उदयपुर क्षेत्र में विचरण कर रहा कबरा हाथी पिछले कुछ दिनों से 17 सदस्यीय हाथियों के दल में शामिल हो गया था. बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले सायर बाजार के पास जंगल में कबरा हाथी ने दल का नेतृत्व कर रहे दूसरे हाथी पर हमला कर दिया था. इसके बाद से वह दल का नेतृत्व करने लगा. पहले अकेले विचरण करने वाले कबरा के झुंड में शामिल होने से वन विभाग के विशेषज्ञों के सामने उसे ट्रेंकुलाइज करने की चुनौती खड़ी हो गई थी.

हाथियों के झुंड के साथ लगातार विचरण करने के कारण विशेषज्ञों को उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज करने का मौका नहीं मिल पा रहा था. मंगलवार को भी विशेषज्ञों की टीम दो कुमकी हाथियों के साथ रामगढ़ पहाड़ी के जंगल में ट्रैकिंग करती रही, लेकिन झुंड की मौजूदगी के कारण टीम कबरा तक नहीं पहुंच सकी. देर शाम टीम को वापस लौटना पड़ा था.

ग्रामीणों को लगातार किया जा रहा सतर्क

कबरा हाथी और उसके दल की मौजूदगी को देखते हुए उदयपुर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित है. वन विभाग की टीम आधुनिक संसाधनों से हाथियों की निगरानी कर रही है. विचरण क्षेत्र से लगे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है. हाथियों के नजदीक नहीं जाने की हिदायत दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर हाथियों के आवागमन वाले रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद किया जा रहा है.

Exit mobile version