Ambikapur: विजयादशमी महोत्सव 2026 को इस बार और भव्य एवं जनसहभागिता वाला स्वरूप देने की तैयारी है. अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान के खुले मंच पर संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही पहली बार महिला मानस मंडलियों के लिए अलग संभाग स्तरीय प्रतियोगिता होगी. लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शैला और सुगा लोकनृत्य की भी पृथक-पृथक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.
विजयादशमी को लेकर हुई बैठक
विजयादशमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर सरगुजा सेवा समिति और नागरिक समिति की संयुक्त बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी और नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने की. बैठक में महापौर मंजूषा भगत, नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद सहित दोनों समितियों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे. बैठक में तय किया गया कि पिछले वर्षों में सभागार की सीमित क्षमता को देखते हुए इस बार संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता सरस्वती शिशु मंदिर सभागार के बजाय कलाकेंद्र मैदान के खुले मंच पर आयोजित की जाएगी. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ना और उन्हें रामचरितमानस के गायन व श्रवण का अवसर उपलब्ध कराना है.
महिला मानस मंडलियों को मिलेगा अलग मंच
इस बार महिला मानस मंडलियों के लिए स्वतंत्र संभाग स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडलियों को पुरस्कार दिए जाएंगे.महिला मंडली के प्रथम पुरस्कार के लिए 11 हजार रुपये महापौर मंजूषा भगत की ओर से दिए जाएंगे, जबकि पुरुष मंडली का प्रथम पुरस्कार नरेंद्र सिंह टुटेजा के सौजन्य से प्रदान किया जाएगा.
सुगा नृत्य की अलग-अलग प्रतियोगिता
सरगुजा की पारंपरिक लोक संस्कृति को मंच देने के लिए संभाग स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में शैला और सुगा नृत्य की अलग-अलग श्रेणियां बनाई जाएंगी. दोनों विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को पृथक पुरस्कार दिए जाएंगे. बैठक में सरगुजा सेवा समिति के महासचिव मधुसूदन शुक्ला ने विजयादशमी महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने 13 से 20 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रमों, संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं, प्रशासनिक अनुमति, पीजी कॉलेज और कलाकेंद्र मैदान की व्यवस्थाओं, पुतला निर्माण तथा जनसहयोग से धन संग्रह अभियान की प्रगति से सदस्यों को अवगत कराया.
समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी महोत्सव सरगुजा की सांस्कृतिक पहचान और जनआस्था से जुड़ा आयोजन है. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने का आह्वान किया. नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि दोनों समितियों के बीच बेहतर समन्वय आयोजन की प्रमुख ताकत है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है. सरगुजा सेवा समिति के उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि खुले मंच पर मानस गायन और पारंपरिक लोकनृत्यों के आयोजन से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित होगी.
बैठक में भारत सिंह सिसोदिया और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर सुझाव दिए. कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सिंह टुटेजा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राजकुमार बंसल ने किया. समिति के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आगामी दिनों में व्यवस्थाओं को और तेज किया जाएगा.
दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, धारा 163 लागू, घर से निकलने से पहले देखें ट्रैफिक
