Vistaar NEWS

Ambikapur: सीतापुर में 1 करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, ओडिशा में 10 दिन चला ऑपरेशन

CG News

1 करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा

Ambikapur: सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलर्स कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग उठाकर फरार होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में ओडिशा के गंजाम जिले में एक संदिग्ध के घर से करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. हालांकि, मुख्य आरोपियों समेत अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है.

पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 को सीतापुर के हाईस्कूल के पास संचालित कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे. उन्होंने स्कूटी पर ज्वेलरी से भरा बैग रखा और दुकान का शटर खोलने लगे. इसी दौरान अज्ञात आरोपी स्कूटी के सामने रखा बैग उठाकर फरार हो गए. बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण थे. शिकायत पर थाना सीतापुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.

500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरगुजा डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई.

जांच के दौरान घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट के करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध बैग लेकर भागते दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों के रूट को फॉलो किया.

जांच में सरगुजा के गेरसा से लेकर जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीवहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ समेत कई स्थानों के CCTV फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया. तकनीकी विश्लेषण और दूसरे राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद संदिग्धों की पहचान की गई.

ओडिशा के गंजाम तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार संदिग्धों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में हुई. इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में ओडिशा भेजा गया.

टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक लगातार ऑपरेशन चलाया. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर आया था. पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला. सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय पुलिस और गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर से सीतापुर की उठाईगिरी में गए जेवर बरामद हुए.

43 लाख के सोने और 3 लाख की चांदी बरामद

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध के घर से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये, और करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है, बरामद किए गए हैं. इस तरह कुल करीब 46 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए हैं.
पुलिस अब चांटी दास, नागेश्वर राव समेत वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी किए गए बाकी आभूषण कहां हैं और इस वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे.

ये भी पढ़ें- रायपुर में Rapido ड्राइवर की करतूत, महिला का बैग लेकर हुआ फरार, दो मोबाइल समेत 35 हजार का सामान किया पार

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

मामले के खुलासे में साइबर सेल अंबिकापुर, थाना सीतापुर प्रभारी अखिलेश सिंह और उनकी टीम और थाना मणिपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. वहीं ओडिशा पुलिस के एसडीओपी आश्का सौरव रंजन प्रधान, थाना प्रभारी/निरीक्षक सुधीर कुमार, निरीक्षक दीप्ती रंजन वेहरा सहित पुलिस टीम का भी सहयोग रहा.

Exit mobile version