Vistaar NEWS

Balrampur: ऑडिट रिपोर्ट में राजपुर के सरकारी अस्पताल में बड़ी गड़बड़ी! बिना टेंडर राशि का हुआ भुगतान

rajpur hospital

बलरामपुर: राजपुर के सरकारी अस्पताल में गड़बड़ी आई सामने

Balrampur News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में वित्तीय अनियमितता को लेकर जांच शुरू हो गई है. विस्तार न्यूज़ ने गड़बड़ी को लेकर खबर प्रकाशित किया था. इस पर स्वास्थ विभाग के संयुक्त संचालक ने जांच का आदेश दिया हुआ है. इस बीच वित्तीय गड़बड़ी की महालेखाकार की जांच रिपोर्ट भी आ गई है.

जानिए जांच रिपोर्ट में क्या कहा गया है?

महालेखागार की आडिट रिपोर्ट में कहा गया है कि कई कार्य आंशिक सामग्री के साथ ही निष्पादित किए गए. उपयोग की गई सामग्री की मात्रा का न तो बिलों में उल्लेख किया गया और न ही उसका कोई रिकॉर्ड रखा गया. एमबी (Measurement Books) का संधारण नहीं किया गया तथा क्रय समिति (Purchase Committee) की स्वीकृतियां भी ऑडिट टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं की गईं.

खरीदी के लिए निविदाएं (Tenders) आमंत्रित नहीं की गईं और ठेकेदार की इच्छा के अनुसार ही दरें स्वीकार कर ली गईं. इस पूरी प्रक्रिया में लोक निर्माण विभाग (PWD) के किसी भी तकनीकी अधिकारी (उप अभियंता) को शामिल नहीं किया गया. इसलिए बीएमओ (BMO) ने सभी कार्य केवल कोटेशन के आधार पर कराए.

बिना टेंडर कोटेशन के आधार पर हुआ भुगतान

वर्ष 2025-26 में ऑक्सीजन पाइपलाइन सिस्टम एवं अग्निशामक (जियो फाइबर, एयर पॉल्यूशन चालान आदि) के लिए 4,24,999 रुपये तथा ऑक्सीजन पाइपलाइन के लिए 16,23,581 रुपये और अग्निशामक के लिए 11,93,900 रुपये (कुल ₹26,58,280) का भुगतान बिना किसी निविदा आमंत्रित किए केवल कोटेशन के आधार पर किया गया.

ये भी पढ़ें: Balrampur: राजपुर सरकारी अस्पताल में बड़ी गड़बड़ी! जीवनदीप समिति की बैठक के बिना हुई लाखों की खरीदी

इसके अतिरिक्त खरीदी के लिए सीजीएमएससीएल (CGMSCL) और सीएसआईडीसी (CSIDC) से न तो एनओसी (NOC) प्राप्त की गई और न ही खरीद के लिए जेएम (GeM) पोर्टल का उपयोग किया गया. GeM पोर्टल के अनुसार एक मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर की कीमत केवल 8,000 रुपये है, जबकि इससे अधिक रेट पर ख़रीदा गया. इसके अलावा और भी कई बातो का जिक्र आडिट रिपोर्ट में है.

Exit mobile version