Balrampur News: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर इलाके में आभूषण दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में बिहार के रोहतास जिले से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 14.175 किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक वाड्रफनगर निवासी अरविंद सोनी की वाड्रफनगर मार्केट में अरविंद ज्वेलर्स नाम से आभूषण की दुकान है. 16 अगस्त 2026 की रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद कर संचालक घर चला गया था. अगले दिन 17 अगस्त की सुबह करीब 6:45 बजे जब वह दुकान पहुंचा तो शटर लॉक टूटा हुआ था और दुकान के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे.
चोरी गए सामान में चांदी के पायल, बच्चों के पैर के कड़े, भगवान की मूर्तियां, फूल, हाथ की चूड़ियां, पायल, बिछिया, चूड़ी, झुमके, कुंडल, टॉप्स, चंद्रमा, अंगूठी सहित बड़ी मात्रा में आभूषण शामिल थे. इसके अलावा करीब 10 किलोग्राम चांदी के जेवर, 18 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी.
सीसीटीवी फुटेज में दिखे आरोपी
पुलिस ने दुकान की जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की. पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर थाना प्रभारी व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में भेजी गई. पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि 15 अगस्त को सभी आरोपी एक राय होकर वाड्रफनगर क्षेत्र में पहुंचे थे. इसके बाद 15 से 16 अगस्त के बीच रेकी की गई और 17 अगस्त की रात दुकान के शटर का लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया. आरोपियों ने चांदी और सिल्वर के जेवरात चोरी कर अपने घर भागने की बात स्वीकार की.
लाखों का ज़ेवर बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 14.175 किलोग्राम चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम सोनू कुमार, उम्र 21 वर्ष, शंकर चौधरी, उम्र 55 वर्ष, नरेंद्र चौधरी, उम्र 40 वर्ष, नीलेश चौधरी, उम्र 39 वर्ष, राजकुमार चौधरी, उम्र 20 वर्ष, अंगद चौधरी, उम्र 24 वर्ष, सुनील कुमार सोनी सभी आरोपी बिहार के रोहतास जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं.
पुलिस की इस कार्रवाई से आभूषण दुकान में हुई चोरी का खुलासा हो गया है. मामले में आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात में शामिल अन्य लोगों और बरामद सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें- नेपाल में आई तबाही के पीछे की क्या है वजह? 10 साल पहले कश्मीर में भी मचा था ऐसा ही हाहाकार
