Vistaar NEWS

न नारेबाजी, न हंगामा, सरगुजा में जेन अल्फा का अनोखा विरोध! 30 KM चलकर कलेक्टर पहुंचीं एकलव्य स्कूल की छात्राएं

Zen Alpha arrived to meet the Collector.

कलेक्टर से मिलने पहुंचे जेन अल्‍फा

CG News: सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र के शिवपुर स्थित एकलव्य स्कूल की सैकड़ों छात्राओं ने सोमवार को सिस्टम के खिलाफ अपने अंदाज में आवाज उठाई. करीब 30 किलोमीटर दूर से छात्राएं अंबिकापुर पहुंचीं और सीधे कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर हॉस्टल और पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं. छात्राओं के अचानक कलेक्टर कार्यालय पहुंचने से प्रशासन में भी हलचल मच गई.

एक महीने से हॉस्टल में बिजली नहीं, पढ़ाई को लेकर भी शिकायत

कलेक्टर से मुलाकात के दौरान छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल में करीब एक महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है. इसके चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्राओं ने हॉस्टल की साफ-सफाई व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत की. छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में दो विषयों की पढ़ाई ठीक तरीके से नहीं हो रही है. छात्राओं के मुताबिक शिक्षकों द्वारा पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.

समीक्षा बैठक रोककर कलेक्टर ने सुनी छात्राओं की बात

जब छात्राएं कलेक्टर से मिलने पहुंचीं, उस समय कलेक्टर अजीत वसंत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में मौजूद थे. छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अपनी बैठक रोक दी और छात्राओं से सीधे मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं. छात्राओं की शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए आश्रम-हॉस्टल और स्कूलों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए.

वहीं कलेक्टर से बातचीत के दौरान एक छात्रा अचानक बेहोश हो गई. छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की टीम ने छात्रा का उपचार शुरू किया.

न नारेबाजी, न हंगामा… सीधे कलेक्टर के सामने रखी बात

छात्राओं का यह विरोध अपने अलग अंदाज के कारण चर्चा में रहा. छात्राओं ने न तो नारेबाजी की और न ही कोई बड़ा हंगामा किया. बड़ी संख्या में छात्राएं सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं. मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह और कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक भी पहुंचे. उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने की कोशिश की.

कलेक्टर बोले- लापरवाही हुई तो होगी कार्रवाई

छात्राओं से मुलाकात के बाद सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि छात्राओं ने मुख्य रूप से तीन समस्याएं सामने रखीं. इनमें हॉस्टल में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं होना, करीब एक महीने से बिजली नहीं होना और दो विषयों की पढ़ाई सही तरीके से नहीं होने की शिकायत शामिल है.

कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों को सभी आश्रम, हॉस्टल और स्कूलों की व्यवस्था दुरुस्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देश के बाद भी यदि जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से लापरवाही बरती जाती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कलेक्टर ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पहले ही सचेत कर दिया गया है.

ये भी पढे़ं- CG News: पेंड्रावन में स्‍कूली बच्‍चों के प्रदर्शन के बाद CJP ने CM विष्‍णु देव साय को लिखा पत्र, की ये मांग

Exit mobile version