रिपोर्ट-कुंदन सिंह
Jashpur: जशपुर जिला पंचायत कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कार्यालय के बाहर सदस्य आशिका कुजूर ने भारी बारिश में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया. जिला पंचायत सदस्य आशिका कुजूर ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और विरोध स्वरूप भारी बारिश में ही कार्यालय के बाहर खुले में जमीन पर बैठ गईं. वे घंटों तक बारिश में भीगती रहीं, लेकिन अपने विरोध से पीछे नहीं हटीं. इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के मुताबिक, जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक चल रही थी. आरोप है कि बैठक के दौरान जब आशिका कुजूर अपनी बात रखना चाहती थीं, तो उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया. इससे नाराज होकर उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया और सीधे कार्यालय के बाहर आकर धरने पर बैठ गईं.
आशिका ने मीडिया से बातचीत में गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की बैठकों में विकास कार्यों पर कोई चर्चा नहीं होती. सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को छोड़कर उनके निजी जीवन पर चर्चा की जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक में उनके विवाह और उनके वजन बढ़ने को लेकर टिप्पणियां की जाती हैं, उनका मजाक उड़ाया जाता है. उन्होंने कहा, मझे जनता ने चुनकर भेजा है, मैं अपने क्षेत्र के विकास की बात करना चाहती हूं, लेकिन मुझे बोलने ही नहीं दिया जाता.
बात को मेरे निजी जीवन पर ले जाया जाता है-अंशिका
जब भी मैं विकास कार्यों का मुद्दा उठाती हूं, तो बात को मेरे निजी जीवन पर ले जाया जाता है। यह बहुत अपमानजनक है. बारिश के बीच उनका यह विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया. कार्यालय के बाहर से गुजर रहे लोगों ने भी इस नजारे को देखा. कुछ कर्मचारियों ने उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानीं. उनका कहना था कि जब तक उनकी बात नहीं सुनी जाएगी, वे इसी तरह विरोध करती रहेंगी.
