Surguja: विधायक रामकुमार टोप्पो की अनोखी पहल, 12वीं की टॉपर छात्रा को दी स्कूटी और लैपटॉप, MLA एजुकेशन कोर से युवाओं को हो रहा लाभ
विधायक रामकुमार टोप्पो ने छात्रा को दी स्कूटी
Surguja: सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने की पहल करते हुए भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो ने एक अनूठी शुरुआत की है. विधायक ने क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के उद्देश्य से MLA एजुकेशन कोर की स्थापना की है. इसी पहल के तहत आयोजित भव्य कार्यक्रम में 12वीं बोर्ड परीक्षा की टॉपर छात्रा रूपा यादव को स्कूटी और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया.
विधायक रामकुमार टोप्पो की अनोखी पहल
सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव इस बार केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे शिक्षा और प्रतिभा सम्मान के उत्सव के रूप में मनाया गया. कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक और शैक्षणिक प्रतिभाओं का भी प्रदर्शन किया.
12वीं की टॉपर छात्रा को दी स्कूटी और लैपटॉप
विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि क्षेत्र के युवाओं को सरकारी नौकरियों और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए MLA एजुकेशन एकेडमी की शुरुआत की गई है. यहां विशेषज्ञों द्वारा विशेष कोचिंग दी जा रही है, जिससे कई युवाओं का विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन भी हो चुका है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एकेडमी में यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को बड़े शहरों का रुख न करना पड़े.
वहीं, स्कूटी और लैपटॉप से सम्मानित हायर सेकेंडरी स्कूल बतौली की छात्रा रूपा यादव ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा है. उन्होंने बताया कि उनका सपना कलेक्टर बनने का है और वह अभी से उसकी तैयारी शुरू कर चुकी हैं.
ये भी पढ़ें- ‘घर के अंदर की बातें पान ठेले में नहीं होनी चाहिए…’, बीजेपी कार्यकर्ताओं को सीएम विष्णु देव साय का निर्देश
विधायक की इस पहल को क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह के प्रयास लगातार जारी रहे तो क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकेंगे.