Vistaar NEWS

CG News: 2028 की समय सीमा से पहले छत्तीसगढ़ में TET परीक्षा की तैयारी तेज, शिक्षकों ने रखी अहम मांगें

TET Exam

सांकेतिक तस्‍वीर

CG News: छत्तीसगढ़ में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है. सुप्रीम कोर्ट द्वारा सेवाकालीन शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक की मोहलत दिए जाने के बाद विभागीय स्तर पर परीक्षा आयोजित कराने की प्रक्रिया में तेजी देखी जा रही है.

परीक्षा आयोजन को लेकर बढ़ी हलचल

इस बीच छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से TET परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग की है. संगठन का कहना है कि शिक्षकों को पात्रता हासिल करने के लिए पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर परीक्षा पास कर सकें. एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा के अनुसार विभागीय अधिकारियों से हुई चर्चा में परीक्षा आयोजन को लेकर सकारात्मक रुख सामने आया है और आंतरिक स्तर पर तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं.

इन-सर्विस शिक्षकों के लिए अलग परीक्षा का सुझाव

संगठन ने यह भी सुझाव दिया है कि वर्षों से स्कूलों में कार्यरत सेवाकालीन शिक्षकों के लिए अलग से सीमित विभागीय TET आयोजित करने की संभावना पर विचार किया जाए. उनका तर्क है कि नियमित शिक्षण कार्य के साथ सामान्य TET की तैयारी करना कई शिक्षकों के लिए कठिन साबित होता है, इसलिए उनके लिए विशेष व्यवस्था बनाई जानी चाहिए.

वार्षिक कैलेंडर जारी करने की मांग

इसके अलावा, एसोसिएशन ने TET परीक्षा का वार्षिक कैलेंडर जारी करने की मांग भी उठाई है. उनका मानना है कि यदि परीक्षा की तिथियां पहले से तय हों और नियमित अंतराल पर आयोजन हो, तो शिक्षकों को बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और पात्रता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी अधिक सुगम होगी.

जल्द फैसले की उम्मीद

संजय शर्मा ने उम्मीद जताई है कि शिक्षा विभाग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और शिक्षकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेगा तथा TET परीक्षा के आयोजन को लेकर आवश्यक कदम उठाएगा.

ये भी पढे़ं- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 60 नए SI की तैनाती, शहर के थानों में शुरू होगी फील्ड ट्रेनिंग

Exit mobile version