Vistaar NEWS

CG News: अबूझमाड़ के जंगलों में BSF की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नक्सली हथियार और विस्फोटक बरामद

Major BSF Operation in the Forests of Abujhmad

अबूझमाड़ के जंगलों में BSF की बड़ी कार्रवाई

CG News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है. नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए इलाके में लगातार सर्चिंग और डीमाइनिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं. इसी क्रम में BSF की 135वीं वाहिनी ने कोहकामेटा थाना क्षेत्र के टोके उपरपारा गांव के घने जंगलों में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता लगाया. सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश विफल हो गई.

खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

जानकारी के मुताबिक, एफजीटी नारायणपुर से मिली खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने जंगलों में विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि नक्सलियों ने लंबे समय से हथियार और विस्फोटक सामग्री को इलाके में छिपाकर रखा है. सूचना मिलते ही BSF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया और बड़ी मात्रा में हथियार तथा विस्फोटक सामग्री बरामद की.

हथियार और विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप बरामद

बरामद सामान में .315 राइफल, 12 बोर राइफलें, बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, जिंदा कारतूस, डेटोनेटर, विस्फोटक सामग्री, ट्रिगर मैकेनिज्म और संचार उपकरण शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने में कर सकते थे. इलाके में आईईडी का खतरा होने के कारण जवानों ने बेहद सतर्कता के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया.

नक्सल विरोधी अभियान आगे भी रहेगा जारी

सुरक्षा बलों के अनुसार, अबूझमाड़ जैसे संवेदनशील इलाकों में लगातार चलाए जा रहे अभियानों से नक्सल नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है और उनकी गतिविधियों पर दबाव बढ़ रहा है. BSF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह अभियान लगातार जारी रहेंगे.

ये भी पढे़ं- Raipur: रायपुर में अफीम-डोडा तस्कर गिरफ्तार, पंजाब से ट्रेलर में छिपाकर लाया 15 लाख का माल, ऐसे हुआ खुलासा

Exit mobile version