Vistaar NEWS

CG News: बैलगाड़ी से निकली बारात, सामूहिक विवाह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने रचाई शादी, फेरे के बाद बारिश से मची अफरा-तफरी

CG News

सामूहिक विवाह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने रचाई शादी

CG News: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से विधायक दीपेश साहू ने सामूहिक विवाह समारोह में शादी रचाई. जिसकी हर तरफ खुब चर्चा हो रही है. आज दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में BPL परिवार की तरुणा साहू के साथ सात फेरे लिए. यहां विधायक समेत 21 जोड़ों की शादी हुई.

बैलगाड़ी से निकली विधायक की बारात

सात फेरे लेने से पहले विधायक की बारात बैलगाड़ी में निकली, वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव उस बैलगाड़ी में सारथी बने जिसमें दूल्हा बनकर भाजपा विधायक दीपेश साहू शादी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे. इस समारोह में सभी दूल्हे ई-रिक्शे से सर्किट हाउस तक पहुंचे. इसके बाद विधायक समेत सभी दूल्हों की बारात बैलगाड़ी से निकली. पारंपरिक परी डांस भी हुआ.

सादगी की हर तरफ हो रही चर्चा

विधायक दीपेश साहू के इस तरह से विवाह करने की चर्चा हर तरफ हो रही है. दीपेश साहू ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज को सादगीपूर्ण विवाह का संदेश देना है. उनका मानना है कि अब विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च और दिखावा बढ़ता जा रहा है, जिससे कई परिवार आर्थिक बोझ का सामना करते हैं. ऐसे में सामूहिक विवाह जैसी पहल सामाजिक समरसता और बचत का बेहतर माध्यम है.

मेधावी छात्राओं की पढ़ाई पर खर्च करेंगे पैसे

विधायक का कहना है कि, योजना के तहत मिलने वाली राशि वे अपने पास नहीं रखेंगे, बल्कि उसे मेधावी छात्राओं की पढ़ाई पर खर्च करेंगे.

ये भी पढ़ें- Mahtari Vandan Yojana Latest Update: खुशखबरी! इस दिन आएगी महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त, जानें कैसे चेक करें स्टेटस

फेरे के बाद हुई बारिश

वहीं फेरों के बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. जिससे बचने के लिए वहां पुख्ता इंतजाम नहीं थे. ऐसे में सिर पर सेहरा सजाए दूल्हे और सज-धजकर बैठी दुल्हनें खुद को भीगने से बचाने के लिए जो हाथ लगा, उसे ओढ़ते नजर आए. पानी से बचने के लिए कई जोड़ों और उनके परिजनों ने जमीन पर बिछे गद्दों और बैठने के लिए रखी प्लास्टिक की कुर्सियों को ही अपने सिर पर रख लिया. कुछ लोग तिरपाल और छातों के सहारे खुद को बारिश से बचाते दिखे.

Exit mobile version