CG News: सक्ती में SI पर महिला ने लगाए दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप, वीडियो वायरल करने की धमकी का दावा
महिला ने एसआई पर लगाए आरोप
CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर पर शादीशुदा महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि उसकी पहचान SI कमल मैरिषा से फेसबुक के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई. इस दौरान आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया और भरोसे में लेकर महिला के साथ संबंध बनाए. महिला के अनुसार, इसी दौरान उसने छिपकर उसके आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें भी बना लीं.
रिश्ते की शुरुआत बढ़ी नजदीकियां
महिला ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बच्ची भी है, जबकि उसका पति उसे छोड़कर दूसरी शादी कर चुका है. करीब तीन साल पहले जब आरोपी दंतेवाड़ा में तैनात था, तब दोनों की बातचीत शुरू हुई थी. बाद में सक्ती में उसकी पोस्टिंग होने के बाद मुलाकातें बढ़ीं और संबंध गहरे हो गए. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए बेटी को अपनाने का भरोसा दिया और घर पर भी आना-जाना शुरू कर दिया.
गर्भवती होने और गर्भपात का आरोप
महिला ने दावा किया कि जनवरी 2024 में वह गर्भवती हो गई थी. उसने खरसिया में सोनोग्राफी कराई और इसकी जानकारी आरोपी को दी. आरोप है कि इसके बाद SI ने उसे धोखे से कुछ दवाइयां दीं, जिससे उसका गर्भपात हो गया. इसके बावजूद आरोपी उससे संबंध बनाए रखता रहा.
पत्नी का सच सामने आने पर लगा सदमा
महिला के अनुसार, एक दिन उसे अचानक एक महिला का फोन आया, जिसने खुद को आरोपी की पत्नी बताया और उनके बच्चे के बारे में भी जानकारी दी. यह जानकर महिला मानसिक रूप से टूट गई और उसने आत्महत्या की कोशिश में कीटनाशक पी लिया. बाद में आरोपी ही उसे मालखरौदा के स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया, जहां उसका इलाज हुआ.
मामले में शिकायत और कार्रवाई न होने का आरोप
कुछ समय तक साथ रखने के बाद आरोपी ने महिला से दूरी बना ली और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया. इसके बाद महिला ने 29 जनवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच एसडीओपी सक्ती को सौंपी गई थी. महिला का आरोप है कि उसने कई बार एसपी और आईजी कार्यालय में भी गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
वीडियो वायरल करने की धमकी का दावा
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 28 मार्च 2026 को एसडीओपी ऑफिस के सामने आरोपी ने उसे आपत्तिजनक वीडियो और फोटो दिखाकर धमकाया. उसने कहा कि यदि उसने बयान दिया तो वह इन्हें वायरल कर देगा और उसे झूठे मामले में फंसा देगा. इस दबाव के चलते महिला ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी.
अब महिला ने फिर से न्याय की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, जबरन गर्भपात और ब्लैकमेलिंग के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं आरोपी SI ने सभी आरोपों को निराधार बताया है. इस मामले में पुलिस का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.
ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए खुशखबरी! अब पुरानी पेंशन का रास्ता साफ, हाई कोर्ट ने सरकार की याचिका की खारिज